रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के सामने कूदकर उप निरीक्षक ने दी जान, 11 महीने से चितबड़ागांव थाने में थे तैनात

Spread the love

अपडेट…

रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के सामने कूदकर उप निरीक्षक ने दी जान, 11 महीने से चितबड़ागांव थाने में थे तैनात

लोको पायलट की सूचना पर पहुंची पुलिस, मौके से मिली बुलेट मोटरसाइकिल, परिजनों को दी गई जानकारी

बलिया। चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के धर्मापुर के पास शनिवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां रेलवे ट्रैक पर सारनाथ एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से चितबड़ागांव थाने में तैनात उप निरीक्षक संदीप कुमार प्रजापति (28) की मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक डॉ. इरज राजा के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, शनिवार 14 नवंबर की शाम करीब सात से आठ बजे के बीच चितबड़ागांव थाने पर रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति के आत्महत्या करने की सूचना मिली। रेलवे के लोको पायलट की ओर से अगले स्टेशन पर मेमो (एमआरओ) के माध्यम से घटना की जानकारी दी गई थी। सूचना मिलते ही थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां रेलवे ट्रैक के पास एक बुलेट मोटरसाइकिल खड़ी मिली। पुलिस ने जब मामले की गहनता से जांच की तो मृतक की पहचान उप निरीक्षक संदीप कुमार प्रजापति के रूप में हुई।

संदीप कुमार प्रजापति मूल रूप से संतकबीरनगर जिले के धनघटा थाना क्षेत्र के बरांव गांव के निवासी थे। उनके पिता का नाम रामाश्रय प्रजापति बताया गया है। वह पिछले करीब 11 महीने से चितबड़ागांव थाने पर उप निरीक्षक के पद पर तैनात थे। घटना की जानकारी पुलिस ने उनके परिजनों को दे दी है।इस बाबत पुलिस अधीक्षक डॉ. इरज राजा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उप निरीक्षक ने आत्महत्या की है। घटना के पीछे क्या कारण रहे, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *