
19 नवंबर को होगा राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का जनपदीय आयोजन
586 बाल वैज्ञानिकों ने कराया ऑनलाइन पंजीकरण, 12 सर्वश्रेष्ठ परियोजनाओं का होगा राज्य स्तर के लिए चयन

बलिया। बच्चों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और शोध की प्रवृत्ति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का जनपद स्तरीय आयोजन 19 नवंबर को सेंट जेवियर्स स्कूल, धरहरा में होगा। सुबह नौ बजे से शुरू होने वाले इस आयोजन में जिले के विभिन्न विद्यालयों के बाल वैज्ञानिक अपनी परियोजनाओं का प्रदर्शन करेंगे।



जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, पकवाइनार के उप शिक्षा निदेशक एवं प्राचार्य सुनील कुमार ने आयोजन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जिला आयोजन समिति के अध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह और जिला समन्वयक आशुतोष कुमार सिंह तोमर ने बताया कि प्रतियोगिता में उच्च प्राथमिक, कंपोजिट, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों और माध्यमिक विद्यालयों के कक्षा छह से 12 तक के विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे। इसके लिए 10 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को जूनियर और सीनियर दो श्रेणियों में बांटा गया है। जूनियर वर्ग में 10 से 14 वर्ष तथा सीनियर वर्ग में 14 से 17 वर्ष तक के प्रतिभागी शामिल होंगे।




उन्होंने बताया कि इस शैक्षणिक सत्र में कुल 586 बाल वैज्ञानिकों ने राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। पंजीकरण के साथ परियोजना का सारांश (एब्स्ट्रैक्ट) अपलोड करने वाले सभी प्रतिभागी अपने गाइड शिक्षकों के साथ आयोजन में हिस्सा लेंगे। इस दौरान बच्चे अपनी वैज्ञानिक सोच, नवाचार और शोध पर आधारित परियोजनाओं का प्रस्तुतीकरण करेंगे। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की जनपदीय अकादमिक समन्वयक डॉ. प्रतिमा त्रिपाठी ने बताया कि प्रस्तुत परियोजनाओं का मूल्यांकन विशेषज्ञ शिक्षकों की टीम करेगी। मूल्यांकन के आधार पर 12 सर्वश्रेष्ठ परियोजनाओं का चयन किया जाएगा। चयनित बाल वैज्ञानिकों को राज्य स्तरीय आयोजन में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।