छात्रवृत्ति आवेदन में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, 22 नवंबर तक स्कूल स्तर पर निस्तारण अनिवार्य

Spread the love

छात्रवृत्ति आवेदन में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, 22 नवंबर तक स्कूल स्तर पर निस्तारण अनिवार्य

बलिया। छात्रवृत्ति योजना के आवेदन और सत्यापन में लापरवाही बरतने वाले विद्यालयों पर अब कार्रवाई की जाएगी। शैक्षिक सत्र 2026-27 में पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत आवेदन प्रक्रिया को समय से पूरा कराने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक ने संशोधित समय-सारिणी जारी कर प्रधानाचार्यों को कड़े निर्देश दिए हैं। इसके तहत विद्यालय स्तर पर कोई भी आवेदन 22 नवंबर तक लंबित नहीं रहना चाहिए। निर्धारित समयसीमा में आवेदन का निस्तारण नहीं करने वाले विद्यालयों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार मिश्र की ओर से 13 नवंबर को जारी पत्र के अनुसार, नवीनीकरण (रिन्यूअल) वाले छात्र- छात्राओं के आवेदन का नवीनीकरण करने और उसकी हार्डकॉपी संस्थान में जमा करने की अंतिम तिथि 20 नवंबर निर्धारित की गई है। वहीं, नए (फ्रेश) छात्र- छात्राओं के आवेदन की अंतिम तिथि 17 नवंबर तय की गई है। इसके बाद आवेदन की समयसीमा में किसी प्रकार की बढ़ोतरी नहीं होगी।विद्यालयों को 23 नवंबर तक प्राप्त सभी आवेदनों का शत-प्रतिशत सत्यापन एवं अग्रसारण सुनिश्चित करना होगा।

निर्देश में यह भी कहा गया है कि जिन छात्र-छात्राओं ने 12 नवंबर तक आवेदन कर दिया है, लेकिन उनकी हार्डकॉपी विद्यालय में जमा नहीं हुई है, उनसे 18 नवंबर तक हार्डकॉपी प्राप्त कर आगे की प्रक्रिया पूरी कराई जाए। वहीं, 12 नवंबर के बाद आवेदन करने वाले विद्यार्थियों की समस्त औपचारिकताएं तीन दिन के भीतर पूरी कर 21 नवंबर तक संस्थान स्तर से सत्यापन सुनिश्चित करना होगा। 22 नवंबर को किसी भी विद्यालय के स्तर पर आवेदन लंबित नहीं दिखना चाहिए। यदि 23 नवंबर को किसी विद्यालय का आवेदन लंबित पाया जाता है तो मान्यता प्रत्याहरण सहित कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।

डीआईओएस ने स्पष्ट किया है कि छात्रवृत्ति का लाभ पाने के लिए विद्यार्थियों की 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य है। साथ ही पूर्व में प्राप्त आवेदनों का शत- प्रतिशत निस्तारण भी 20 नवंबर तक सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। विद्यालयों को पोर्टल पर छात्रवृत्ति संबंधी कार्यों में तेजी लाने के लिए सुबह सात से 10 बजे तक विशेष रूप से समय देने को कहा गया है।
प्रधानाचार्यों को प्रत्येक कक्षा के लिए एक नोडल नामित करने तथा छात्रवृत्ति संबंधी कार्यों की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया गया है, ताकि आवेदन और सत्यापन की प्रक्रिया समय से पूरी हो सके। डिजिटल सिग्नेचर से संबंधित तकनीकी समस्या होने पर भी निर्धारित समय के भीतर समाधान कराने को कहा गया है। डीआईओएस ने सभी प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों को निर्देशों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयसीमा के भीतर छात्रवृत्ति आवेदनों का निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा है। लापरवाही की स्थिति में संबंधित विद्यालय की जवाबदेही तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *