सूरत से दबोचा गया गैंगस्टर एक्ट का 50 हजार का इनामी, एसटीएफ ने की कार्रवाई

Spread the love

सूरत से दबोचा गया गैंगस्टर एक्ट का 50 हजार का इनामी, एसटीएफ ने की कार्रवाई

नगरा थाने में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में चल रहा था वांछित, चार अन्य मुकदमों में भी है दर्ज

बलिया। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्तर प्रदेश एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ लखनऊ की टीम ने बलिया के नगरा थाने में गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त मुन्ना गोड़ उर्फ चन्द्रमल को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।


एसटीएफ के उपनिरीक्षक चन्द्र प्रकाश मिश्र के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर 12 नवंबर को सूरत शहर के पांडेसरा थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मीनगर आशापुरी सोसाइटी-02, गोवलनगर रोड से आरोपी को हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के बाद उसका न्यू सिविल हॉस्पिटल एवं गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, सूरत में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। इसके बाद 12 नवंबर को उसे सूरत की नौवीं अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। न्यायालय से 16 नवंबर को दोपहर दो बजे तक का ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद एसटीएफ टीम उसे लेकर बलिया पहुंची।


गिरफ्तार अभियुक्त मुन्ना गोड़ उर्फ चन्द्रमल सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के रुद्रवार गांव का निवासी है। उसके खिलाफ नगरा थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत धारा 2/3(1) में मामला दर्ज है। पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ नगरा थाने में चोरी और चोरी का माल बरामद होने से संबंधित दो मुकदमे दर्ज हैं, जबकि बलिया कोतवाली में भी इसी तरह के दो मुकदमे दर्ज हैं। इस प्रकार गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे समेत उसके खिलाफ कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं।एसटीएफ की इस कार्रवाई को बलिया पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *