बलिया में छत गिरने से मजदूर की मौत, मकान मालिक की बेटी भी घायल

Spread the love

बलिया में छत गिरने से मजदूर की मौत, मकान मालिक की बेटी भी घायल

गोंडधप्पा गांव में ढलाई की तैयारी के दौरान हुआ हादसा, मलबे में दबे दोनों

बलिया। बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के गोंडधप्पा गांव में सोमवार को मकान की छत गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि मकान मालिक की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका उपचार हो गया है। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।


जानकारी के अनुसार, गांव निवासी विजय शंकर तिवारी के मकान की छत की ढलाई होनी थी। इसकी तैयारी के लिए बगल में स्थित पुरानी ईंट की छत पर गिट्टी, बालू और सीमेंट रखा गया था। इस दौरान चार मजदूर छत पर मसाला तैयार कर रहे थे। तभी अचानक पुरानी छत भरभराकर नीचे गिर गई। इसकी चपेट में आने से बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के दिउली गांव निवासी मजदूर जयराम पटेल 50 वर्ष और मकान मालिक की बेटी किरण तिवारी 21 वर्ष मलबे में दब गए। छत गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाला। ग्रामीण उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांसडीह ले गए, जहां चिकित्सकों ने जयराम पटेल को मृत घोषित कर दिया।

वहीं, किरण तिवारी की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना पर एसडीएम बांसडीह पुष्कर मिश्र, क्षेत्राधिकारी जयशंकर मिश्र और प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के निर्देश पर जेसीबी से मलबा हटवाया गया। मलबे में अन्य लोगों के दबे होने की आशंका पर पुलिस ने मोबाइल फोन के जरिए मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों से संपर्क किया। पता चला कि हादसे के समय मौजूद तीन अन्य मजदूर सुरक्षित अपने घर पहुंच गए थे। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *