छठ पूजा को लेकर बलिया स्टेशन पर अलर्ट, डीआरएम ने परखी सुरक्षा व्यवस्था

Spread the love

छठ पूजा को लेकर बलिया स्टेशन पर अलर्ट, डीआरएम ने परखी सुरक्षा व्यवस्था

यात्री आश्रय केंद्र से लेकर कंट्रोल रूम तक किया निरीक्षण

भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर और आरपीएफ जवानों की तैनाती के दिए निर्देश

बलिया। छठ महापर्व पर यात्रियों की बढ़ने वाली भीड़ और उनकी सुरक्षा को लेकर रेलवे प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) वाराणसी आशीष जैन ने बलिया रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पर्व के दौरान यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो और भीड़ प्रबंधन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।डीआरएम ने वाराणसी सिटी-छपरा रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग संरक्षा निरीक्षण करते हुए यात्री बाहुल्य स्टेशनों पर की गई तैयारियों को परखा।बलिया स्टेशन पहुंचने पर उन्होंने छठ पूजा के मद्देनजर बनाए गए यात्री आश्रय केंद्र का निरीक्षण किया। यहां बिजली, पंखे, शुद्ध पेयजल, मोबाइल यूटीएस टिकटिंग, प्राथमिक चिकित्सा बूथ और ट्रेनों की जानकारी के लिए उद्घोषणा प्रणाली एवं वीडियो पैनलों की व्यवस्था देखी।

उन्होंने यात्री आश्रय केंद्र में अतिरिक्त मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट लगाने तथा यात्रियों को उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देने के लिए प्रमुख स्थानों पर बैनर-पोस्टर लगाने के निर्देश दिए।त्योहार के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए डीआरएम ने स्टेशन पर 24 घंटे संचालित कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भगदड़ और आगजनी जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए पर्याप्त अग्निशमन उपकरण रखने, प्लेटफार्मों पर स्पष्ट सीमांकन और बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए। साथ ही रेलवे अधिकारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाने और यात्रियों की सहायता के लिए स्थापित सहायता बूथ को चौबीसों घंटे संचालित रखने पर जोर दिया। डीआरएम ने टिकट के लिए यात्रियों को लंबी कतारों से बचाने के उद्देश्य से अतिरिक्त टिकट काउंटर खोलने तथा एटीवीएम और एमयूटीएस की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा।उन्होंने ट्रेनों के प्लेटफार्म पूर्व निर्धारित रखने, सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी करने और फुट ओवरब्रिज पर भीड़ एकत्रित नहीं होने देने के निर्देश दिए। इसके लिए पर्याप्त संख्या में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने यात्रियों को मोबाइल टिकटिंग और एटीवीएम के माध्यम से स्वयं टिकट लेने के लिए भी जागरूक करने पर बल दिया।


निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत शेष निर्माण कार्यों को भी जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से यात्री सुविधाओं और सुरक्षा इंतजामों को समय रहते दुरुस्त कर लेने को कहा, ताकि छठ महापर्व के दौरान स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही सुगम और सुरक्षित बनी रहे। इस दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर द्वितीय ब्रह्मानन्द, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर कुंवर सिंह यादव, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अनुभव पाठक, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पंकज चुघ, सहायक मंडल इंजीनियर धर्मेन्द्र केन, सहायक मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर अशोक सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *