
दिवाली की रात दोस्त के साथ घर से निकले ग्राम प्रधान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
पुलिया के पास घायल अवस्था में मिले प्रधान, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार



बलिया। गड़वार थाना क्षेत्र के कुकुरहा गांव के ग्राम प्रधान गौरी शंकर प्रसाद (42) की दिवाली की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह रात में गांव के ही एक दोस्त के साथ घर से निकले थे। देर रात गांव के कूड़ाघर के पास पुलिया के निकट उनके घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे,लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।





मृतक के भाई उपेंद्र प्रसाद के अनुसार, रात करीब दो बजे उन्हें सूचना मिली कि उनके भाई गांव के कूड़ाघर के पास पुलिया के निकट घायल अवस्था में पड़े हैं। परिजन आनन-फानन में उन्हें बछईपुर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सक ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए भर्ती नहीं किया। इसके बाद परिजन उन्हें जिला अस्पताल बलिया लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई। वहीं, मृतक की पत्नी सरिता देवी ने बताया कि दिवाली की रात गांव में स्थापित मां लक्ष्मी की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद उनके पति घर पर बैठे थे। इसी दौरान हरिजन बस्ती निवासी उनके मित्र रामाशीष घर पहुंचे और उन्हें अपने साथ लेकर चले गए। इसके बाद वह सोने चली गईं। कुछ देर बाद पति की मौत की सूचना मिली। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। परिजनों का कहना है कि मृतक के शरीर पर कहीं चोट के निशान दिखाई नहीं दे रहे थे। ऐसे में उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। इस बाबत चौकी इंचार्ज उदय प्रताप सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।