
छठ पर यात्रियों को राहत, बलिया होकर चलेगी बिलासपुर-छपरा पूजा स्पेशल ट्रेन
14 और 21 नवंबर को बिलासपुर से तथा 15 और 22 नवंबर को छपरा से होगा संचालन, 21 कोचों के साथ चलेगी ट्रेन
बलिया। छठ पूजा पर ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने बिलासपुर और छपरा के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन दो-दो फेरों में संचालित होगी। इसके चलने से बलिया सहित पूर्वांचल के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।



गाड़ी संख्या 08255 बिलासपुर-छपरा पूजा स्पेशल 14 और 21 नवंबर को प्रत्येक शनिवार को शाम छह बजे बिलासपुर से रवाना होगी। अगले दिन सुबह 9:15 बजे वाराणसी पहुंचने के बाद 9:20 बजे रवाना होगी। इसके बाद गाजीपुर सिटी से 12:20 बजे पहुंचकर 12:25 बजे प्रस्थान करेगी। ट्रेन दोपहर 1:25 बजे बलिया स्टेशन पहुंचेगी और पांच मिनट ठहराव के बाद 1:30 बजे छपरा के लिए रवाना होगी। छपरा में इसका आगमन दोपहर 2:40 बजे होगा। वापसी में गाड़ी संख्या 08256 छपरा-बिलासपुर पूजा स्पेशल 15 और 22 नवंबर को रविवार को शाम 5:25 बजे छपरा से चलेगी। यह शाम 6:40 बजे बलिया पहुंचेगी और 6:45 बजे रवाना होगी। इसके बाद गाजीपुर सिटी, औड़िहार, जौनपुर और वाराणसी होते हुए अगले दिन दोपहर तीन बजे बिलासपुर पहुंचेगी। रेलवे के अनुसार इस ट्रेन में कुल 21 कोच लगाए जाएंगे। इनमें सामान्य, शयनयान और वातानुकूलित श्रेणी के कोच शामिल हैं। जनसंपर्क अधिकारी, वाराणसी ने इसकी जानकारी दी।