
बच्चों के विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट, एक की मौत, दूसरा घायल
लाठी-डंडों से लैस होकर घर में घुसे आरोपियों ने की मारपीट, वाराणसी ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
बलिया। सहतवार थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 14 में सोमवार को बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे कुछ लोगों ने घर के आंगन में बैठे दो व्यक्तियों पर हमला कर दिया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की वाराणसी ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल उपचार के बाद घर लौट गया।



जानकारी के अनुसार, सहतवार कस्बे के वार्ड नंबर 14 निवासी विनोद राजभर (50) सोमवार की दोपहर करीब एक बजे अपने घर के आंगन में पड़ोसी सुदर्शन राजभर के साथ बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान बच्चों के विवाद को लेकर शुभम वर्मा, हर्ष वर्मा, राजू यादव और राजा कुँवर समेत कुछ अन्य लोग लाठी-डंडे लेकर घर में घुस आए। आरोप है कि सभी ने विनोद राजभर और सुदर्शन राजभर पर हमला कर दिया।मारपीट में दोनों गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए।शोर सुनकर आसपास के लोग जुटे तो आरोपी गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।




परिजन दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांसडीह ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद विनोद राजभर की गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां से चिकित्सकों ने उन्हें बीएचयू वाराणसी भेज दिया। हालांकि, वाराणसी ले जाते समय शाम करीब 6:45 बजे रास्ते में ही विनोद राजभर ने दम तोड़ दिया। वहीं, सुदर्शन राजभर को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। इस मामले में मृतक की पत्नी संजू देवी की तहरीर पर सहतवार पुलिस ने चार नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में शुभम वर्मा, हर्ष वर्मा, राजू यादव और राजा कुँवर शामिल हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में कानून व्यवस्था सामान्य बताई गई है।