एसजीएफआई की राष्ट्रीय अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता में जलवा बिखेरेंगे बलिया के आयुष्मान और अभिषेक

Spread the love

एसजीएफआई की राष्ट्रीय अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता में जलवा बिखेरेंगे बलिया के आयुष्मान और अभिषेक

उत्तर प्रदेश की टीम में दोनों खिलाड़ियों का चयन, आयुष्मान पहले अंडर-17 राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कर चुके हैं शानदार बल्लेबाजी

बलिया। जिले के दो होनहार क्रिकेट खिलाड़ियों आयुष्मान सिंह और अभिषेक विश्वकर्मा ने अपनी प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। दोनों खिलाड़ियों का चयन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) की 70वीं राष्ट्रीय विद्यालयीय क्रिकेट अंडर-19 प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश की टीम में हुआ है। इस उपलब्धि से जिले के खेल जगत में खुशी की लहर है। दोनों खिलाड़ियों के चयन को बलिया के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने से पहले उत्तर प्रदेश की टीम का प्रशिक्षण शिविर चार से आठ नवंबर तक अयोध्या स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर राज्य विद्यालयीय क्रीड़ा संस्थान में आयोजित होगा। प्रशिक्षण शिविर के बाद टीम अयोध्या से ही राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए रवाना होगी। प्रतियोगिता 11 से 17 नवंबर तक आयोजित की जाएगी।

अंडर-17 में भी दिखा चुके हैं बल्लेबाजी का दम

तिलेश्वरी देवी इंटर कालेज गौरा पतोई बलिया के आयुष्मान सिंह इससे पहले सत्र 2025-26 में तेलंगाना में आयोजित एसजीएफआई राष्ट्रीय विद्यालयीय क्रिकेट अंडर-17 प्रतियोगिता में अपने शानदार प्रदर्शन से सुर्खियां बटोर चुके हैं। उत्तर प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने चार मैचों में कुल 178 रन बनाए थे। इस दौरान दमन एवं दीव तथा दादरा एवं नगर हवेली के खिलाफ महज 41 गेंदों पर नाबाद 98 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। वहीं झारखंड के खिलाफ 32 गेंदों पर नाबाद 47 रन और ओडिशा के विरुद्ध 22 गेंदों पर 31 रन बनाकर अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया था। उत्तराखंड के खिलाफ भी उन्होंने तीन गेंदों पर दो रन बनाए थे। चार मैचों में 98 गेंदों का सामना कर 178 रन बनाने वाले आयुष्मान के इस प्रदर्शन ने राष्ट्रीय स्तर पर उनकी प्रतिभा को पहचान दिलाई थी।

अभिषेक भी क्रिकेट में बना रहे अपनी पहचान

वहीं, ज्ञानती देवी इंटर कॉलेज, गायघाट, बलिया के छात्र अभिषेक विश्वकर्मा का चयन भी राष्ट्रीय अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश की टीम में हुआ है। अभिषेक क्रिकेट के क्षेत्र में लगातार अपनी प्रतिभा निखार रहे हैं। वह वर्ष 2024 और 2026 में उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के प्रशिक्षण शिविर में भी प्रतिभाग कर चुके हैं। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन उनके खेल जीवन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। दोनों खिलाड़ियों के चयन से जिले के क्रिकेट प्रेमियों और खेल जगत से जुड़े लोगों में उत्साह है। उम्मीद जताई जा रही है कि आयुष्मान और अभिषेक राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपने प्रदर्शन से उत्तर प्रदेश के साथ-साथ बलिया का नाम भी रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *