
बलिया जिले के चैनपुर गुलौरा में 12 फीट लंबे अजगर का खौफ, कई रातों से बस्ती में दे रहा दस्तक
मुर्गे-मुर्गियों और बकरियों को बना चुका है शिकार




बलिया। बेल्थरा रोड क्षेत्र के चैनपुर गुलौरा गांव की मुस्लिम बस्ती में करीब 12 फीट लंबे अजगर की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों के अनुसार, अजगर पिछले कई रातों से पानी से भरे गड्ढे से निकलकर बस्ती के आसपास घूमता दिखाई दे रहा है। रात के अंधेरे में उसके निकलने से लोग घरों से बाहर निकलने में भी सावधानी बरत रहे हैं।ग्रामीणों ने बताया कि अजगर शिकार की तलाश में गड्ढे से निकलकर आसपास की झाड़ियों और आबादी के बीच पहुंच जाता है। दो दिन पहले ग्रामीणों ने रात के समय अजगर का वीडियो भी बनाया था। इसके बाद से बस्ती में उसकी मौजूदगी को लेकर चर्चा और चिंता बढ़ गई है।



ग्रामीणों का दावा है कि अजगर अब तक कई मुर्गे-मुर्गियों और बकरियों को अपना शिकार बना चुका है। इससे लोगों को अपने पालतू पशुओं के साथ ही बच्चों की सुरक्षा की भी चिंता सताने लगी है। रात में अजगर के दिखाई देने की आशंका के चलते ग्रामीण सतर्क होकर रह रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से अजगर को जल्द सुरक्षित तरीके से पकड़कर आबादी से दूर जंगल अथवा सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहेगी। ग्रामीणों से अजगर को पकड़ने या उसके करीब जाने के बजाय वन विभाग को सूचना देने और प्रशिक्षित टीम के आने तक सावधानी बरतने की अपील की गई है।