शिक्षक MLC चुनाव में पहली बार महिला प्रत्याशी रितिका दुबे आजमाएंगी भाग्य

Spread the love

शिक्षक MLC चुनाव में पहली बार महिला प्रत्याशी रितिका दुबे आजमाएंगी भाग्य

वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से 23 अक्टूबर को होगा फैसला

वित्तविहीन शिक्षकों की समस्याओं को बनाया मुद्दा

बलिया। वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के शिक्षक एमएलसी चुनाव में इस बार पहली बार महिला प्रत्याशी के रूप में रितिका दुबे चुनाव मैदान में हैं। उत्तर प्रदेश माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा एवं वित्तविहीन शिक्षक शिक्षणेत्तर एकता मंच (अपंजीकृत) ने उन्हें अपना प्रत्याशी बनाया है। छह अक्टूबर को नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और 23 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा। वर्तमान में प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत रितिका दुबे ने बलिया पहुंचकर अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की लंबित समस्याओं का त्वरित समाधान, वित्तविहीन शिक्षकों के वेतन की व्यवस्था, सेवा सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा उनकी प्राथमिकता होगी।

उन्होंने कहा कि विद्यालयों का सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना भी उनके एजेंडे में प्रमुख है। शिक्षक हित से जुड़ी नीतियों में सार्थक हस्तक्षेप कर शिक्षक समाज को संगठित, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना उनका मुख्य उद्देश्य है। शिक्षक एमएलसी चुनाव में कई दिग्गजों के बीच रितिका दुबे अपनी राजनीतिक पारी और जनसमर्थन को आजमाएंगी। अब 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान में मतदाता उनके भाग्य का फैसला करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *