
बोर्ड परीक्षा 2027: बलिया में 1.12 लाख से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल
पिछली बार के मुकाबले 7,010 परीक्षार्थी घटे, पांच से 24 फरवरी तक होगी परीक्षा
बलिया। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा-2027 की समय सारिणी जारी होने के साथ ही जिले में परीक्षा की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार बलिया में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 1,12,739 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनमें हाईस्कूल के 55,224 और इंटरमीडिएट के 57,515 परीक्षार्थी शामिल हैं। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं पांच फरवरी से 24 फरवरी तक दो पालियों में आयोजित होंगी।



आंकड़ों के अनुसार इस बार हाईस्कूल में संस्थागत और व्यक्तिगत मिलाकर 55,224 तथा इंटरमीडिएट में 57,515 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। पिछले वर्ष हाईस्कूल में 58,025 और इंटरमीडिएट में 61,724, यानी कुल 1,19,749 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इस लिहाज से इस बार कुल 7,010 परीक्षार्थियों की कमी आई है। आंकड़े बताते हैं कि यूपी बोर्ड परीक्षा में पंजीकृत विद्यार्थियों की संख्या लगातार घट रही है। बोर्ड परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 8:30 से 11:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम 5:15 बजे तक निर्धारित है। परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय मिलेगा। पहली पाली में उत्तर लिखने का समय 8:45 से 11:45 बजे और दूसरी पाली में 2:15 से 5:15 बजे तक रहेगा। समय सारिणी जारी होने से विद्यार्थियों को विषयवार तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल गया है।




पिछली बार 132 केंद्रों पर हुई थी परीक्षा
पिछली बोर्ड परीक्षा में जिले की छह तहसीलों में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के लिए कुल 132 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। केंद्रों को छह जोन और 22 सेक्टर में बांटकर सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। केंद्र व्यवस्थापक के साथ दूसरे विद्यालय के प्रधानाचार्य को अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक की जिम्मेदारी दी गई थी। परीक्षा की निगरानी के लिए छह सचल दल भी लगाए गए थे। इस बार भी परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, वॉयस रिकॉर्डिंग, स्ट्रांग रूम तथा उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित रखरखाव समेत अन्य व्यवस्थाओं का सत्यापन कराया जा रहा है। हालांकि अभी परीक्षा केंद्रों की सूची जारी नहीं की गई है। इस बाबत डीआईओएस मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि बोर्ड परीक्षा का कार्यक्रम जारी हो चुका है। परीक्षा शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी कराई जा रही हैं। परीक्षा केंद्र बनाए जाने वाले विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों का सत्यापन भी कराया जा रहा है, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।