
मांझी पुल के पास ट्रैक्टर सवार युवक पर फायरिंग, युवक की जांघ में लगी गोली
ट्रैक्टर चालक के बजाय ट्रैक्टर मालिक को लगी गोली
घायल के भाई के तहरीर पर पांच लोगों के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज


श्रवण कुमार पांडेय
बलिया। बैरिया थाना क्षेत्र के मांझी पुल चेकपोस्ट के पास शुक्रवार की रात करीब 10 बजे पुरानी रंजिश को लेकर ट्रैक्टर रोककर फायरिंग किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। गोली ट्रैक्टर चालक को निशाना बनाकर चलाई गई, लेकिन ट्रैक्टर पर बैठे उसके साथी की बायीं जांघ में जा लगी। घायल को उपचार के लिए सीसीएचसी सोनबरसा में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



जानकारी के अनुसार लीला छपरा वार्ड नंबर चार निवासी सुशील कुमार गुप्ता ने शनिवार को बैरिया थाने में तहरीर दिया। जिसमें उल्लेख किया है कि उनका भाई बबलू कुमार गुप्ता ट्रैक्टर मालिक हैं। शुक्रवार की रात करीब 10 बजे बबलू कुमार गुप्ता और ट्रैक्टर चालक रितेश यादव पुत्र दयाशंकर यादव निवासी छोटका बैजू टोला, सिताबदियर, थाना रिविलगंज, सारण (बिहार), बिहार से ट्रैक्टर पर आलू बेचकर घर लौट रहे थे। जैसे ही मांझी पुल चेकपोस्ट के पास पहुंचे कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच लोगों ने ओवरटेक कर ट्रैक्टर को रोक लिया और पुरानी रंजिश को लेकर अरुण यादव, संदीप यादव, रमाशंकर यादव, दयाशंकर यादव उर्फ टुन्नू और जयराम यादव निवासीगण चांद दियर, थाना बैरिया ने ट्रैक्टर चालक रितेश यादव को निशाना बनाकर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। संयोग से गोली रितेश को न लगकर ट्रैक्टर पर बैठे मेरे भाई बबलू कुमार गुप्ता की बायीं जांघ में लग गई।
घटना के बाद घायल बबलू को तत्काल सीएचसी सोनबरसा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल बलिया रेफर कर दिया।

तहरीर के आधार पर बैरिया थाने में बीएनएस की धारा 109(1), 191(2), 352 व 3(5) में पांचों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक अभी तक किसी भी नामजद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और विधिक कार्रवाई जारी है। बताया जा रहा है कि घटना के पीछे रितेश यादव और जयराम यादव के परिवार के बीच पुरानी रंजिश बताई जा रही है। बताया गया है कि रितेश यादव ने जयराम यादव की बहन से प्रेम विवाह किया है, जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। इस बाबत क्षेत्राधिकारी बैरिया आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम में गठित कर दी गई है। तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई प्रचलित है, मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।