
गांधी जयंती पर गूंजा ‘रघुपति राघव’, डीएम-एसपी ने किया पौधारोपण
स्वच्छता का संकल्प, 25 सफाई कर्मी व पांच सफाई नायक सम्मानित; माल्देपुर-चित्तू पांडेय मार्ग पर लगाए गए दो हजार पौधे
बलिया। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर शुक्रवार को जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों को अपनाने, स्वच्छता बनाए रखने और जनसेवा के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संदेश दिया। वहीं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत माल्देपुर से चित्तू पांडेय चौराहा मार्ग तक करीब दो हजार पौधे लगाए गए।



कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ। जिलाधिकारी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के चित्र पर माल्यार्पण किया। आपदा विभाग के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव आंबेडकर और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान ‘रघुपति राघव राजा राम’ का सामूहिक गायन भी हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि गांधी जयंती केवल राष्ट्रीय पर्व मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उनके सत्य, अहिंसा, जनभागीदारी और ग्राम स्वराज के विचारों को जीवन में उतारने का दिन है। उन्होंने कहा कि गांवों को मजबूत और विकसित बनाना गांधी जी के सपनों को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। अधिकारी-कर्मचारी अपने पद और दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें तथा जरूरतमंदों की सहायता को प्राथमिकता दें। उन्होंने स्वच्छता को गांधी जी के विचारों से जोड़ते हुए कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की जरूरत है।

25 सफाई कर्मी और पांच सफाई नायक सम्मानित
गांधी जयंती के अवसर पर नगर पालिका परिषद के विभिन्न वार्डों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 25 सफाई कर्मियों और पांच सफाई नायकों को जिलाधिकारी ने मिठाई, शॉल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने सफाई कर्मियों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ शहर के निर्माण में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। इसके बाद डीएम शहीद पार्क चौक पहुंचे और महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण किया। भृगु आश्रम पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर भी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, सीआरओ गुलशन जी समेत अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
दो हजार पौधों से हरा-भरा हुआ मार्ग



गांधी जयंती पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत माल्देपुर से चित्तू पांडेय चौराहा मार्ग पर वृहद पौधारोपण किया गया। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। अभियान के तहत सड़क के डिवाइडर पर करीब दो हजार पौधे लगाए गए। पौधारोपण कार्यक्रम में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और एनसीसी कैडेट्स ने भी भाग लिया। डीएम ने कहा कि पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी नियमित देखभाल और सुरक्षा भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपने नाम पर पौधे लगाने और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी लेने के साथ आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।