
बिजली विवाद में युवक की हुई मौत में चार आरोपी गिरफ्तार
बलिया। नगरा थाना क्षेत्र के सेमरी गांव में बिजली ठीक करने को लेकर हुए विवाद में युवक की मारपीट के दौरान चोट लगने से मौत हो गई। मामले में पुलिस ने नामजद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चार बांस की लाठियां बरामद की हैं।



बताया जा रहा है कि 27 सितंबर को सेमरी निवासी सोनू यादव (25) के घर की बिजली आंधी-तूफान और बारिश के कारण खराब हो गई थी। सोनू अपने पट्टीदार शैलेंद्र यादव के घर के सामने स्थित बिजली के खंभे से बिजली ठीक कर रहा था। इसी दौरान शैलेंद्र यादव और सोनू के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि शैलेंद्र और उसके परिवार के लोगों ने सोनू के साथ मारपीट कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन घायल सोनू को अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल बलिया रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के संबंध में तहरीर के आधार पर नगरा थाने में धारा 105, 115(2), 352 व 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान नगरा पुलिस ने नामजद आरोपियों शैलेन्द्र यादव (33) पुत्र सुमेर यादव, सुमेर यादव (56) पुत्र स्व. सुरूज यादव, हरेराम (47) पुत्र स्व. ललिता यादव और राजकुमार यादव (18) पुत्र चन्द्रशेखर यादव, निवासीगण सेमरी काली स्थान, थाना नगरा, को 27 सितंबर की रात करीब 10:20 बजे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार आरोपियों की निशानदेही पर डीह बाबा मंदिर, सोनाड़ी रोड के किनारे झाड़ी से घटना में प्रयुक्त चार बांस की लाठियां बरामद की गईं। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया।