
एडीओ पंचायत से अभद्रता के आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर ब्लॉक कर्मियों की बेमियादी हड़ताल
बेरूआरबारी ब्लॉक में धरना-प्रदर्शन शुरू, विकास कार्य और जनसेवाएं प्रभावित; गिरफ्तारी तक कार्य बहिष्कार का ऐलान
बलिया। विकास खंड बेरूआरबारी में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) के कार्यालय में घुसकर अभद्रता, तोड़फोड़ और सरकारी पत्रावलियों को क्षति पहुंचाने के मामले में नामजद मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी न होने से नाराज ब्लॉक कर्मियों ने मंगलवार, 22 सितंबर से बेमियादी कलमबंद हड़ताल शुरू कर दी। ब्लॉक मुख्यालय परिसर में कर्मचारियों ने धरना देकर पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर रोष जताया। कर्मियों ने स्पष्ट किया कि आरोपी की गिरफ्तारी और जेल भेजे जाने तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।

मामले में पीड़ित अधिकारी ने आठ सितंबर को बेरूआरबारी पुलिस चौकी में प्रार्थना पत्र दिया था। इसके बाद नौ सितंबर को थाना सुखपुरा में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई। कर्मचारियों का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने मुख्य आरोपी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की। वहीं, 15 सितंबर को आरोपी द्वारा सार्वजनिक स्थल पर कथित रूप से अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए वीडियो प्रसारित किए जाने से कर्मचारियों में और आक्रोश बढ़ गया।


21 सितंबर तक गिरफ्तारी का दिया था अल्टीमेटम
कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने 18 सितंबर को मुख्य विकास अधिकारी, बलिया को पत्रक सौंपकर 21 सितंबर तक आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की थी। निर्धारित समय सीमा बीतने के बाद भी गिरफ्तारी न होने पर कर्मचारियों ने मंगलवार से अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल और धरना शुरू कर दिया। कर्मचारियों की मांग है कि सिटू यादव समेत उसके साथियों को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। सरकारी अभिलेखों को नुकसान पहुंचाने और लोक सेवक को शासकीय कार्य से रोकने के आरोप में कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके अलावा ब्लॉक मुख्यालय पर कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाने की भी मांग उठाई गई।