शौच के लिए निकले बुजुर्ग की संदिग्ध हालात में मौत

Spread the love

शौच के लिए निकले बुजुर्ग की संदिग्ध हालात में मौत


मुंह से झाग निकलने और शरीर नीला पड़ने पर परिजनों ने जताई जहरीले सांप के काटने की आशंका


बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के मिश्रौली गांव में बुधवार सुबह शौच के लिए घर से निकले 65 वर्षीय बुजुर्ग की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। कुछ देर बाद वह गांव के बाहर बेसुध हालत में मिले। उनके मुंह से झाग निकल रहा था और शरीर नीला पड़ा था। परिजनों ने जहरीले सांप के काटने की आशंका जताई है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
मिश्रौली गांव निवासी फागू राजभर पुत्र स्व. सुक्खू राजभर हैंडपंप गाड़ने का काम करते थे। वह अविवाहित थे और अपने मझले भाई मदन राजभर के साथ रहते थे। तीन भाइयों में सबसे छोटे फागू के बड़े भाई मोहन राजभर का पहले ही निधन हो चुका है।


मदन राजभर के मुताबिक, बुधवार सुबह फागू शौच के लिए घर से बाहर निकले थे। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटे तो परिवार के लोग उनकी तलाश में निकल पड़े। इसी दौरान गांव के बाहर एक स्थान पर फागू बेसुध पड़े मिले। परिजन उन्हें देखकर घबरा गए। उनके मुंह से झाग निकल रहा था और शरीर नीला पड़ चुका था। इन परिस्थितियों को देखते हुए परिजनों ने आशंका जताई कि शौच के दौरान किसी जहरीले सांप ने फागू को काट लिया होगा। सूचना पर उभांव पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। मौत की वास्तविक वजह जांच और आवश्यक कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *