मांग मनवाने के लिए सांसद आवास परिसर में टावर पर चढ़ा युवक

Spread the love

मांग मनवाने के लिए सांसद आवास परिसर में टावर पर चढ़ा युवक


ग्राम समाज की जमीन पर बाउंड्री कराने की मांग पर अड़ा रहा, प्रधान के पहुंचने के बाद उतरा


बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर मार्ग स्थित सलेमपुर सांसद रमाशंकर राजभर के करीमगंज आवास परिसर में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अपनी मांग मनवाने के लिए परिसर में लगे बीएसएनएल टावर पर चढ़ गया। युवक करीब एक घंटे तक टावर पर बैठा रहा और नीचे उतरने से इनकार करता रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत की, लेकिन युवक अपनी मांग पर अड़ा रहा। बाद में ग्राम प्रधान के पहुंचने पर वह टावर से नीचे उतरा, जिसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई।


जानकारी के अनुसार सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के कुंडीडीह गांव निवासी विशाल गुप्ता (23) उर्फ गुड्डू पुत्र बृजनाथ गांव में ग्राम समाज की जमीन पर बाउंड्री कराने को लेकर ग्रामीणों और ग्राम प्रधान से नाराज था। बताया जा रहा है कि युवक गांव में करीब पांच कट्ठा ग्राम समाज की जमीन पर बाउंड्री कराने का प्रयास कर रहा था, जिसका ग्रामीणों ने विरोध करते हुए काम रोक दिया था।
इससे नाराज विशाल सोमवार सुबह गांव से करीब 14 किलोमीटर दूर उभांव क्षेत्र के करीमगंज स्थित सांसद के आवास परिसर पहुंचा और वहां लगे बीएसएनएल टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही उभांव इंस्पेक्टर दिनेश पाठक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को नीचे उतारने का प्रयास किया।


पुलिस के काफी समझाने के बावजूद युवक नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। वह अपनी जमीन की बाउंड्री कराने के लिए कुंडीडीह के ग्राम प्रधान राजू गुप्ता को मौके पर बुलाने की मांग करता रहा। करीब एक घंटे बाद ग्राम प्रधान मौके पर पहुंचे। उनके पहुंचने के बाद विशाल टावर से नीचे उतरा। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया और मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
ग्राम प्रधान राजू गुप्ता ने बताया कि सती माई स्थान के पास करीब पांच कट्ठा ग्राम समाज की जमीन है। उक्त स्थान पर गांव के कार्यक्रम आयोजित होते हैं। युवक द्वारा वहां बाउंड्री कराने का प्रयास किया जा रहा था, जिसका ग्रामीणों ने विरोध किया। घटना के बाद क्षेत्र में यह चर्चा भी रही कि मांग मनवाने के लिए इस तरह टावर पर चढ़ने की घटनाएं बढ़ रही हैं। लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोग अपनी जिद पूरी कराने के लिए जोखिम भरे कदम उठा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *