
स्कूल में धूमधाम से मना श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव
नन्हे-मुन्नों की राधा-कृष्ण प्रस्तुतियों ने मोहा मन
बलिया। गड़वार क्षेत्र के बभनौली स्थित एक स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संरक्षक शैलेश मोहन पांडेय, प्रबंधक इंजीनियर धनंजय उपाध्याय, प्रधानाचार्या प्रतिमा तिवारी एवं उप प्रधानाचार्य नरेंद्र प्रताप सिंह ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान अभिभावकों का तिलक और माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। नर्सरी, एलकेजी, यूकेजी और कक्षा प्रथम के छात्र-छात्राओं ने राधा-कृष्ण की वेशभूषा में आकर्षक झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने ‘छोटी-छोटी गईया, छोटे-छोटे ग्वाल’, ‘मैया यशोदा’ सहित विभिन्न गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं। पूरा विद्यालय परिसर राधा-कृष्ण के गीतों से गूंज उठा और गोकुल-ब्रजभूमि जैसा माहौल नजर आया। कार्यक्रम को सफल बनाने में कविता पांडेय, मानसी गिरी, रोहिणी सिंह, खुशी सिंह, शशि मोहन पांडेय एवं अर्जुन द्विवेदी का विशेष योगदान रहा। संयोजन रवि प्रकाश पांडेय तथा संचालन कक्षा 12वीं की छात्राओं अर्चिता एवं दिव्या ने किया। इस अवसर पर शिक्षक- शिक्षिकाओं के साथ बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।