बलिया में चार दिन में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत, गांव में पसरा मातम

Spread the love

बलिया में चार दिन में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत, गांव में पसरा मातम


स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पहुंचकर की परिवार के अन्य सदस्यों की जांच, बीमारी के कारणों की पड़ताल शुरू


बलिया। क्षेत्र के पशुहारी गांव में चार दिनों के भीतर एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गांव में शोक और चिंता का माहौल है। लगातार हुई मौतों के बाद ग्रामीणों में बीमारी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और परिवार के अन्य सदस्यों की जांच कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


जानकारी के अनुसार पशुहारी गांव निवासी शिवचंद राजभर की पत्नी आशा देवी (45) पिछले कुछ दिनों से पैर में सूजन और खून की कमी की समस्या से पीड़ित थीं। उनका मऊ में इलाज चल रहा था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पत्नी की मौत के सदमे से परिवार उबर भी नहीं पाया था कि अगले ही दिन सोमवार को शिवचंद राजभर की मां जोनिया देवी (82) की भी अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें इलाज के लिए मऊ ले गए, जहां उनकी मौत हो गई।


वहीं बुधवार को शिवचंद राजभर की पुत्री प्रीति (20) की भी अचानक तबीयत खराब हुई और करीब दो घंटे के भीतर उसकी मौत हो गई। एक ही परिवार में चार दिनों के अंदर तीन मौतों से परिजन बदहवास हैं और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मामले की जानकारी मिलने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर के अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची। डॉ. सत्येंद्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में टीम ने ग्राम प्रधान प्रभा शंकर राजभर की मौजूदगी में परिवार के अन्य सदस्यों की स्वास्थ्य जांच की। स्वास्थ्य विभाग की टीम में स्वास्थ्य पर्यवेक्षक प्रमोद, आनंद कुमार, विष्णु प्रकाश दुबे, उमेश कुमार, सुमित कुमार, एलटी चंदन कुमार और वार्ड बॉय दिनेश कुमार सिंह शामिल रहे। टीम ने परिवार के सदस्यों को सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। कुछ सदस्यों को आगे की जांच के लिए सीएचसी सीयर बुलाया गया है। स्वास्थ्य विभाग अब जांच रिपोर्ट के आधार पर मौतों के कारणों का पता लगाने में जुटा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *