
यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 के प्रस्तावित केंद्रों पर 28 तक दर्ज कराएं आपत्ति
वर्ष 2027 के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के लिए 149 परीक्षा केंद्र चयनित



बलिया। माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश की ओर से वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन सॉफ्टवेयर के माध्यम से चयनित प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी गई है। सूची में विद्यालयों को आवंटित छात्रों का विवरण भी शामिल है। प्रस्तावित केंद्रों को लेकर आपत्ति या शिकायत होने पर संबंधित विद्यालय के छात्र, अभिभावक, प्रधानाचार्य और प्रबंधक 28 अक्तूबर तक ऑनलाइन प्रत्यावेदन कर सकेंगे।



परिषद के सचिव भगवती सिंह की ओर से 26 अक्तूबर को जारी पत्र के अनुसार जनपद में 149 प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची जिला विद्यालय निरीक्षक के पोर्टल पर जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति के परीक्षण और अनुमोदन के लिए भेजी गई है। जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि इसकी जानकारी सभी प्रधानाचार्यों को उपलब्ध कराने के साथ समाचार पत्रों के माध्यम से भी व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए। प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों के संबंध में किसी तरह की आपत्ति होने पर युक्तियुक्त कारण और साक्ष्य के साथ परिषद द्वारा निर्धारित प्रारूप पर ऑनलाइन प्रत्यावेदन माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in के माध्यम से 28 अक्तूबर तक किया जा सकता है। इसके बाद प्राप्त होने वाले प्रत्यावेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। प्राप्त आपत्तियों का जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति द्वारा परीक्षण कर निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद समिति से अनुमोदित या संस्तुत सूची एवं आख्या परिषद की वेबसाइट पर छह नवंबर तक ऑनलाइन भेजनी होगी।