
दहेज हत्या मामले में वांछित ससुर गिरफ्तार, भेजा गया न्यायालय
बलिया। भीमपुरा थाना पुलिस ने दहेज हत्या से संबंधित मुकदमे में वांछित आरोपी को गुरुवार को किड़िहरापुर रेलवे स्टेशन के पीछे खाकी बाबा मंदिर के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।




पुलिस के अनुसार, थाना भीमपुरा में दर्ज धारा 85, 80(2) बीएनएस और 4 डीपी एक्ट के तहत आरोपी कमलेश यादव पुत्र शिवशंकर यादव (53) निवासी शाहपुर (यादवनगर), थाना भीमपुरा को गिरफ्तार किया गया। 13 अगस्त 2026 को वादी ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी चचेरी बहन की शादी 29 अप्रैल 2021 को राकेश कुमार यादव पुत्र कमलेश यादव के साथ हुई थी। आरोप है कि पति, सास, ससुर और देवर द्वारा दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था और जान से मारने की धमकी दी जाती थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।


इस मामले में पुलिस ने पहले ही आरोपी पति राकेश कुमार यादव और सास इसरावती देवी निवासी शाहपुर (यादवनगर) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब आरोपी ससुर कमलेश यादव की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया।