छात्रा से अमर्यादित हरकत के आरोप में शिक्षक निलंबित, 15 दिन में जांच रिपोर्ट देने का निर्देश

Spread the love

छात्रा से अमर्यादित हरकत के आरोप में शिक्षक निलंबित, 15 दिन में जांच रिपोर्ट देने का निर्देश


बलिया। शिक्षा क्षेत्र हनुमानगंज के कम्पोजिट विद्यालय बसंतपुर में कक्षा-5 की छात्रा के साथ कथित अमर्यादित हरकत के मामले में बेसिक शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने आरोपी सहायक अध्यापक मनोज कुमार राय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।


बीएसए की यह कार्रवाई खंड शिक्षा अधिकारी हनुमानगंज की जांच आख्या के आधार पर की गई है। निलंबन अवधि में शिक्षक को प्राथमिक विद्यालय गंगहरा से संबद्ध किया गया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई भी प्रस्तावित की गई है।
जानकारी के अनुसार, 27 अगस्त 2026 को कम्पोजिट विद्यालय बसंतपुर में कक्षा-5 की छात्रा के साथ अमर्यादित व्यवहार किए जाने की शिकायत सामने आई थी। छात्रा के परिजनों ने डायल-112 पर शिकायत की, जिसके बाद पुलिस आरोपी शिक्षक को पूछताछ के लिए थाने ले गई थी। विभागीय पूछताछ में छात्रा ने शिक्षक पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि की। इसके अलावा छात्रा के अभिभावक और कक्षा-5 व कक्षा-8 के अन्य विद्यार्थियों से भी जानकारी ली गई, जिसमें घटना की पुष्टि होने की बात सामने आई। छात्रा के अभिभावक की तहरीर पर सुखपुरा थाने में शिक्षक के खिलाफ बीएनएस-2023 की धारा 75(2) और पॉक्सो एक्ट 2012 की धारा 9(एम) व 10 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। बीएसए मनीष कुमार सिंह ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा और विद्यालय का शैक्षिक वातावरण विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिक्षक पर लगे आरोप प्रथम दृष्टया शिक्षक आचरण के विपरीत पाए गए हैं, जिसके आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।


15 दिन में देनी होगी जांच रिपोर्ट

मामले की विभागीय जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी नवानगर पंकज कुमार सिंह को जांच अधिकारी नामित किया गया है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ आरोप पत्र तैयार कर अनुमोदन के बाद लिखित पक्ष प्राप्त करें और 15 दिनों के भीतर तथ्यपरक जांच रिपोर्ट बीएसए कार्यालय में उपलब्ध कराएं।


ग्रामीणों और छात्र नेताओं ने किया था प्रदर्शन

इधर, मंगलवार को बसंतपुर के ग्रामीणों और छात्र नेताओं ने प्राइमरी पाठशाला दक्षिण टोला का घेराव कर आंदोलन किया था। पूर्व छात्रसंघ महामंत्री ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि छात्रा के साथ हुई घटना में पांच दिनों तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई और मामले को टालने का प्रयास किया गया। आंदोलन के बाद बीएसए ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपी शिक्षक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की। इस दौरान यशजीत सिंह, रंजीत, शुभम, बलजीत, सलेन्द्र सिंह, सब्बीर, मनीष, जीतेन्द्र, रिशु, विशाल पटेल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *