अतिक्रमण हटाने के दौरान मंडी कर्मचारियों से अभद्रता, पांच नामजद समेत 10 अज्ञात पर मुकदमा

Spread the love

रिपोर्ट : श्रवण कुमार पांडेय

अतिक्रमण हटाने के दौरान मंडी कर्मचारियों से अभद्रता, पांच नामजद समेत 10 अज्ञात पर मुकदमा

बलिया। नवीन कृषि उत्पादन मंडी स्थल पर अतिक्रमण हटाने के दौरान मंडी कर्मचारियों के साथ अभद्रता, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने पांच नामजद समेत 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मंडी समिति के प्रभारी सचिव की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 352, 351(3) और 132 के तहत कार्रवाई की है।

कृषि उत्पादन मंडी समिति बलिया के प्रभारी सचिव आशुतोष कुमार सिंह की ओर से कोतवाली में दी गई तहरीर के अनुसार 25 अक्तूबर को दोपहर करीब तीन बजे नवीन मंडी स्थल, परिखरा में अतिक्रमण हटाने का कार्य कराया जा रहा था। इस दौरान अंजनी सिंह पुत्र स्व. राम योगी सिंह निवासी तिखमपुर, सुशील वर्मा, शुभम वर्मा और सूरज वर्मा पुत्रगण स्व. शिवमुनि निवासी तिखमपुर तथा सत्यम पुत्र स्व. जवाहीर निवासी माधोपुर केशरवानी टोला समेत करीब 10 अज्ञात लोग मौके पर पहुंच गए।


आरोप है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान इन लोगों ने मंडी कर्मचारियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की गई। तहरीर के मुताबिक, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान मंडी समिति के प्रभारी सचिव आशुतोष कुमार सिंह, मंडी निरीक्षक दिलीप मोहन वर्मा, मंडी सहायक कमलेश रावत, ओम प्रकाश, मंडी अभिरक्षक बृजेश उपाध्याय, कंप्यूटर ऑपरेटर विन पटेल और पीयूष कुमार सिंह सहित सुरक्षा गार्ड मौजूद थे। प्रभारी सचिव ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया। कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस बाबत नगर मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा ने बताया कि दो दिन बाद अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *