टावर पर चढ़ने वाले बेटे के खिलाफ मां ने दर्ज कराया मुकदमा

Spread the love

टावर पर चढ़ने वाले बेटे के खिलाफ मां ने दर्ज कराया मुकदमा

35 लाख रुपये मांगने और फसल बर्बाद करने का लगाया आरोप

बलिया। बांसडीह कस्बे में अपनी मांगों को लेकर दो बार मोबाइल टावर पर चढ़कर हंगामा करने वाले युवक के खिलाफ अब उसकी मां ने मुकदमा दर्ज कराया है। मां ने बेटे पर 35 लाख रुपये मांगने, फसल बर्बाद करने और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार बांसडीह कस्बा के फत्ते सागर पोखरा मोहल्ला निवासी कुलवंती देवी ने मंगलवार देर शाम पति राजगृही वर्मा के साथ कोतवाली पहुंचकर अपने बड़े बेटे धनजी वर्मा के खिलाफ तहरीर दिया। जिसमें उल्लेख किया है कि परिवार की आजीविका का मुख्य साधन 18 कट्ठा कृषि भूमि है, जिस पर खेती कर परिवार का पालन-पोषण होता है। पति बाजार में सब्जी बेचकर परिवार की मदद करते हैं। कुलवंती देवी का आरोप है कि धनजी पिछले करीब चार वर्षों से परिवार से विवाद करता आ रहा है। वह खेत में लगी फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ ही परिजनों के साथ मारपीट भी करता है। आरोप है कि हाल में उसने 18 कट्ठा जमीन बेचकर 35 लाख रुपये देने का दबाव बनाया। मांग पूरी नहीं होने पर पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। पुलिस ने मां की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दो बार टावर पर चढ़कर कर चुका है हंगामा
बताया जाता है कि धनजी वर्मा पिछले करीब दो वर्षों से अपने माता-पिता, भाई और पत्नी के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ रहा है। अपनी मांगों को लेकर वह जुलाई और अगस्त में दो बार मोबाइल टावर पर चढ़ चुका है। इस दौरान उसने परिजनों के खिलाफ मुकदमे भी दर्ज कराए थे। धनजी की ओर से पहले दर्ज कराए गए मुकदमे में आरोप लगाया गया था कि उसने मेहनत कर जो धन कमाया, उसे परिवार के लोगों ने हड़प लिया। उसका आरोप है कि अब परिजन उसे बेसहारा छोड़कर जिम्मेदारी से बच रहे हैं। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है। जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *