
नेत्रदान पखवाड़े का शुभारंभ, लोगों को जागरूक करने पर जोर
बलिया। मुख्य चिकित्साधिकारी सभागार में बुधवार को 41वें नेत्रदान पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आनंद कुमार ने कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए लोगों को नेत्रदान के महत्व के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नेत्रदान महादान है, जो किसी जरूरतमंद के जीवन में रोशनी भर सकता है।



जिला दृष्टिहीनता अधिकारी डॉ. योगेंद्र दास ने नेत्रदान की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक व्यक्ति नेत्रदान का संकल्प लेकर नेत्र विभाग में निर्धारित प्रपत्र भरकर पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकृत व्यक्ति की मृत्यु के बाद छह से आठ घंटे के भीतर नेत्र सर्जन की टीम द्वारा नेत्र प्राप्त कर नेत्र बैंक में सुरक्षित रखा जाता है। इसके बाद जरूरतमंद मरीजों में कार्निया प्रत्यारोपण किया जाता है। उन्होंने बताया कि जिले में 25 अगस्त से 8 सितंबर तक नेत्रदान पखवाड़ा मनाया जा रहा है। अभियान के दौरान लोगों को जागरूक करने के साथ ही विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।



वरिष्ठ नेत्र सर्जन डॉ. धर्मेंद्र ने बताया कि पखवाड़े के तहत नेत्र रोग से पीड़ित मरीजों को निशुल्क चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने लोगों से अभियान का लाभ उठाने और नेत्रदान के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की। कार्यक्रम में डॉ. अरविंद चौधरी, डॉ. अभिषेक मिश्रा, नेत्र परीक्षण अधिकारी विमल कुमार गुप्ता, मनीष कुमार, सुषमा यादव, आकांक्षा गुप्ता, जिला समन्वयक रेडक्रॉस शैलेंद्र पांडेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।