
सरयू का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर, बाढ़ प्रभावित 150 परिवारों में बांटी राहत सामग्री
बलिया। सरयू नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के साथ ही नदी खतरे के निशान के ऊपर बह रही है। जलस्तर बढ़ने से तटवर्ती गांवों में बाढ़ का संकट गहरा गया है।भोजपुरवा, मलाहीचक, सुल्तानपुर पोखरा बस्ती, महाराजपुर, चांदपुर, चक विलियम और रिगवन में पानी घरों तक पहुंच गया है। टीएस बंधा क्षेत्र की कई सड़कें पानी में डूब जाने से आवागमन प्रभावित हो गया है। वहीं, बिजली आपूर्ति बंद होने से ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।



भोजपुरवा गांव में बाढ़ की स्थिति सबसे अधिक गंभीर बनी हुई है। सड़क के पानी में डूब जाने के कारण ग्रामीण नाव के सहारे आवागमन कर रहे हैं। शुक्रवार की रात गांव में पानी में गिरी पानी की टंकी बहकर नदी में तैरती दिखाई दी। विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह और एसडीएम बांसडीह पुष्कर मिश्र ने सारंगपुर गांव में भोजपुरवा के करीब 150 बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की। इस दौरान परिवारों को आटा, चावल, तेल, मसाला, आलू सहित दैनिक उपयोग की अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। एसडीएम पुष्कर मिश्र ने बताया कि भोजपुरवा में चार नावें लगाई गई हैं। आवश्यकता पड़ने पर और नावों की व्यवस्था की जाएगी। राजस्व विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में मौजूद रहकर बाढ़ की स्थिति पर नजर रख रही है। इस दौरान तहसीलदार नितिन सिंह, सिम्पी सिंह, मोतीलाल साहनी, हीरालाल यादव, राकेश यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।