
बलिया गंगा में नहाते वक्त युवक डूबा, छानबीन में जुटी एनडीआरएफ
बलिया। हल्दी थाना क्षेत्र के बाबूबेल गांव के समीप शनिवार को गंगा नदी में नहाते वक्त युवक गहरे पानी में डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। हल्दी पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से युवक की तलाश शुरू कराई। बाद में फ्लड पीएसी और एनडीआरएफ की टीम को भी खोज अभियान में लगाया गया। समाचार लिखे जाने तक कोई सुराग नहीं मिल सका था।





जानकारी के अनुसार चौबे बेल निवासी वीरेंद्र यादव का 21 वर्षीय पुत्र विशाल यादव शनिवार की सुबह करीब 11 बजे दो-तीन साथियों के साथ बाबूबेल गांव के समीप गंगा नदी में नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और नदी की तेज धारा में लापता हो गया। साथ मौजूद युवकों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसकी तलाश शुरू की। लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। सूचना मिलते ही हल्दी थानाध्यक्ष राजू कुमार राय पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और खोजबीन शुरू कराई। ग्रामीणों के साथ पुलिस ने काफी देर तक नदी में युवक की तलाश की। इसके बाद फ्लड पीएसी और एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंचकर अभियान में जुट गई। युवक के नदी में लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।