
उमाशंकर सिंह के निधन पर राम प्रवेश सिंह इंटर कॉलेज बनरही में शोकसभा, छात्र-छात्राओं व शिक्षकों ने दी श्रद्धांजलि
बलिया। रसड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं लोकप्रिय जननेता उमाशंकर सिंह के आकस्मिक निधन पर राम प्रवेश सिंह इंटर कॉलेज, बनरही में शुक्रवार को शोकसभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
शोकसभा के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक कमला प्रसाद ने अपने श्रद्धांजलि संदेश में कहा कि स्वर्गीय उमाशंकर सिंह बलिया जनपद और अपने क्षेत्र के अत्यंत लोकप्रिय, कर्मठ एवं जनप्रिय जनप्रतिनिधि थे। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी, सादगी और संघर्षशील व्यक्तित्व के माध्यम से जनसेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया।
उन्होंने कहा कि उमाशंकर सिंह सदैव आमजन के सुख-दुख में सहभागी रहे और समाज की सेवा के लिए समर्पित रहे। उनके असामयिक निधन से बलिया जनपद को अपूरणीय क्षति हुई है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक संतोष यादव, अजय यादव, अखिलेश कुमार चौहान, मोहन जी, राजेंद्र तिवारी, पीयूष वर्मा, विधानचंद्र राय, संदीप जी सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।