
जिले के युवा क्रिएटर शिवम मिश्र को मिला ‘नमस्कार उत्तर प्रदेश स्टेट क्रिएटर्स अवार्ड-2026’
बलिया। जिले के युवा क्रिएटर एवं सामाजिक कार्यकर्ता शिवम मिश्र को ग्रेटर नोएडा स्थित GNIOT Group of Institutions में आयोजित “नमस्कार उत्तर प्रदेश स्टेट क्रिएटर्स अवार्ड–2026” समारोह में चेंज मेकर अवॉर्ड (स्वच्छता अभियान श्रेणी) से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें स्वच्छता अभियान और समाजहित में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सम्मान प्रदान करते हुए कहा कि प्रदेश की युवा प्रतिभाएं समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह युवाओं को आगे बढ़ने और समाज के लिए बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में नमस्कार फाउंडेशन के सचिव उत्कर्ष नमो वत्स मिश्र ने कहा कि इस पुरस्कार का उद्देश्य प्रदेश के सभी जिलों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले रचनाकारों और परिवर्तनकर्ताओं को पहचान दिलाना है, ताकि उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिल सके।
सम्मान प्राप्त करने के बाद शिवम मिश्र ने नमस्कार फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें समाजहित में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा। इस अवसर पर दिव्यांश तिवारी एवं दिव्यांशु सिंह ने भी फाउंडेशन के प्रति आभार व्यक्त किया।