
राज्यपाल के प्रस्तावित आगमन को लेकर जेएनसीयू में तैयारियां तेज, डीएम-एसपी, सीडीओ ने किया निरीक्षण
29 जुलाई के दीक्षांत समारोह की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए निर्देश
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय में 29 जुलाई 2026 को प्रस्तावित दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल के संभावित आगमन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज ने विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने समारोह स्थल, मंच व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, पार्किंग, यातायात व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, हेलीपैड स्थल, साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं, ताकि दीक्षांत समारोह का आयोजन सुरक्षित, व्यवस्थित और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरेन्द्र कुमार शुक्ल ने जिलाधिकारी को तैयारियों की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि दीक्षांत समारोह की सभी व्यवस्थाएं युद्धस्तर पर कराई जा रही हैं। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि राज्यपाल के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद कुलपति कक्ष में समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य कोषाधिकारी एवं वित्त अधिकारी आनंद दुबे, कुलसचिव एस.एल.पाल, चीफ प्रॉक्टर डॉ. प्रियंका सिंह, निदेशक शैक्षणिक डॉ. पुष्पा मिश्रा सहित विश्वविद्यालय प्रशासन, पुलिस एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।