सड़क हादसे में 50 वर्षीय महिला की मौत, सीमा विवाद में उलझी पुलिस

Spread the love

सड़क हादसे में 50 वर्षीय महिला की मौत, सीमा विवाद में उलझी पुलिस

बलिया। होली के दिन बुधवार को मनियर बाजार आ रही एक 50 वर्षीय महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना के बाद सीमा क्षेत्र को लेकर पुलिस के बीच उलझन की स्थिति बन गई और मनियर पुलिस ने शव को कब्जे में लेने से इनकार कर दिया। बाद में बिहार पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर चली गई।


मिली जानकारी के अनुसार बिहार प्रांत के सीवान जनपद के असांव थाना क्षेत्र अंतर्गत दियरा टुकड़ा नंबर-1 गांव निवासी रीता देवी (50) पत्नी स्वर्गीय भीम राजभर बुधवार सुबह करीब 10 बजे बाजार करने के लिए मनियर आ रही थीं। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद रीता देवी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पने लगीं। आसपास के लोगों ने उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मनियर थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची, लेकिन घटनास्थल का मुआयना करने पर पता चला कि हादसा बिहार के सीवान जनपद के असांव थाना क्षेत्र में हुआ है। इसके बाद मनियर पुलिस ने बिहार पुलिस को सूचना देने की बात कहकर कार्रवाई से हाथ खींच लिया। करीब शाम 4 बजे बिहार पुलिस दरौली-पीपा पुल के रास्ते घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ले गई। मृतका के परिवार में दो बेटे मंगरु (18), गुलाब (16) और एक विवाहित बेटी पूजा (21) हैं। पति की करीब दस वर्ष पहले ही मौत हो चुकी है। ऐसे में मां की मौत से बच्चों का सहारा भी छिन गया।

सीमांत गांव में पसरा मातम
सरयू नदी के दक्षिणी तट पर स्थित दियरा टुकड़ा नंबर-1 गांव भौगोलिक रूप से बिहार में है, लेकिन नदी के कारण यहां के लोग बाजार, स्वास्थ्य और अन्य जरूरतों के लिए उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद के मनियर पर ही अधिक निर्भर रहते हैं। असांव थाने से यह गांव सड़क मार्ग से करीब 120 किमी दूर है, जबकि मनियर मात्र डेढ़ किमी की दूरी पर स्थित है। घटना के बाद ग्रामीणों में शोक के साथ-साथ आक्रोश भी है। उनका कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय होना चाहिए, ताकि ऐसी स्थिति में पीड़ित परिवार को परेशानी न उठानी पड़े।

क्या बोले मनियर थानाध्यक्ष
थाना प्रभारी मनियर कौशल कुमार पाठक ने बताया कि ग्रामीण मृतका को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर लाए थे। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन घटनास्थल का मुआयना करने पर पता चला कि हादसा सीवान जनपद के असांव थाना क्षेत्र में हुआ है। इसके बाद संबंधित थाना को सूचना दे दी गई। होली के दिन हुई इस घटना से सीमांत गांव में त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं। ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा और सीमा क्षेत्रों में पुलिस समन्वय मजबूत करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *