
बलिया में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से अधेड़ की मौत
बलिया। बांसडीह-बलिया मार्ग पर स्थित शिवरामपुर गांव के पास महाविद्यालय के सामने मंगलवार की शाम तेज रफ्तार बाइक की टक्कर सेअधेड़ की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार बघौली निवासी राजेश चौहान 55 वर्षीय शिवरामपुर से पैदल अपने घर लौट रहे थे। शाम करीब सात बजे बांसडीह से बलिया की ओर जा रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी बेजोड़ थी कि अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं बाइक सवार भी गिरकर घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने घायल राजेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांसडीह पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि घायल बाइक सवार अपनी बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर वाहन स्वामी की पहचान का प्रयास शुरू कर दिया है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने पुलिस से दोषी वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।