
बलिया मुठभेड़ में चोरी करने वाले बदमाश के पैर में लगी गोली, गिरफ्तार
बलिया। बांसडीह कोतवाली ने बांसडीह-सारंगपुर मार्ग पर सोमवार की रात महुआ मोड़ के पास पुलिस ने चोरी के एक वांछित अभियुक्त को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी है। जिसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल, एक तमंचा, दो कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, एसपी बलिया ओमवीर सिंह के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को 11:30 बजे बांसडीह पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से आता दिखा। पुलिस ने रोकने का इशारा किया, लेकिन वह तेज रफ्तार में भागने लगा। भागते समय बाइक सड़क किनारे फिसल गई और आरोपी गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी ने खुद को घिरा देख पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान दिलीप साहनी (31 वर्ष) पुत्र मन बहादुर साहनी निवासी दुही मुसी, थाना बांसडीह के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने 11 फरवरी 2026 को पवन कुमार की मोटरसाइकिल और 10,000 रुपये झांसा देकर चोरी किया था। घायल आरोपी का इलाज सदर अस्पताल बलिया में चल रहा है। इस बाबत अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि मुठभेड़ में चोरी के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। जिसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की बाइक के साथ एक तमंचा व दो कारतूस बरामद किया है। मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है।