
चोरी करने वाला बदमाश मूठभेड़ में गिरफ्तार, बाएं पैर लगी गोली
कई चोरी की कई वारदातों को दे चुका है अंजाम, तमंचा, कारतूस व चांदी बरामद
बलिया। थाना नगरा क्षेत्र में शुक्रवार रात पुलिस चेकिंग के दौरान एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को उपचार के लिए नगरा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बदमाश के कब्जे से एक तमंचा, दो कारतूस और सफेद धातु का टुकड़ा (वजन करीब 63.43 ग्राम) बरामद किया है। पुलिस द्वारा विधिक कार्रवाई की जा रही है।



पुलिस के अनुसार शनिवार की रात 21:43 बजे खरूआंव पोखरे के पास चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन वह बिना रुके पीछे मुड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो खुद को घिरता देख उसने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में बदमाश रुदल नट पुत्र तुफानी नट निवासी नकहरा थाना गड़वार जनपद बलिया के बाएं पैर में गोली लगी। पूछताछ में बदमाश ने अपने साथियों के साथ मिलकर कई चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। इस बाबत अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ल ने बताया कि बदमाश ने 4-5 जनवरी 2026 की रात सुखपुरा बुढवा मंदिर से शिवलिंग व नाग चोरी किया था। इसके बाद 11 जनवरी 2026 की रात बंगला चट्टी थाना गड़वार से टुल्लू पम्प चोरी किया था। तत्पश्चात 17-18 दिसंबर 2025 की रात ग्राम सवन के कम्पोजिट विद्यालय से ताला तोड़कर इन्वर्टर, बैट्री, गैस सिलेंडर समेत अन्य सामान चोरी किया था। वहीं 14-15 नवंबर 2025 की रात नगरा पुराने दुर्गा मंदिर का ताला तोड़कर मूर्ति से मुकुट, नथिया तथा दान पेटी से रुपये चोरी किया था। नगरा पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए शनिवार की रात 21:43 बजे खरूआंव पोखरे के पास बदमाश को गोली मारी जो उसके बाएं पैर में जा लगी। जिसका उपचार नगरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर चल रहा है।