यूजीसी काले कानून के विरोध में छात्रों व अधिवक्ताओं ने किया प्रदर्शन, यूजीसी का फूंका पुतला

Spread the love

यूजीसी काले कानून के विरोध में छात्रों व अधिवक्ताओं ने किया प्रदर्शन, यूजीसी का फूंका पुतला

डीएम के माध्यम से सीएम को भेजा ज्ञापन, नहीं हुआ वापस तो होगा व्यापक आंदोलन

बलिया। जनपद में यूजीसी कानून 2026 काले कानून का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी क्रम में बुधवार को छात्र – छात्राओं के साथ ही अधिवक्ताओं ने यूजीसी काले कानून के विरोध में अलग – अलग स्थानों से जुलूस निकाल जिलाधिकारी कार्यालय पहुंच सीएम को ज्ञापन भेजा। तत्पश्चात छात्रों ने टीडी कालेज चौराहे पर यूजीसी काले कानून का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया और मोदी व अमित शाह मुर्दाबाद के नारे लगाते यूजीसी काले कानून को अविलंब वापस करने की मांग की।

टीडी कालेज के छात्र ओंकार सिंह के नेतृत्व में दर्जनों छात्रों ने टीडी कालेज चौराहे से जुलूस निकाल कर यूजीसी मुर्दाबाद, यूजीसी वापस करो, मोदी और अमित शाह मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। जहां जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद पुनः टीडी कालेज चौराहा पहुंचकर यूजीसी का प्रतिकात्मक पुतला दहन किया। इस मौके पर सौरभ तिवारी, रिपुंजय रमण पाठक, अनुभव सिंह, दुर्गेश राय, अभिजीत तिवारी, अमन सिंह, जिम्मी चौबे, ज्ञानेंद्र सिंह, भानु तिवारी व अंकिता तिवारी आदि रहे। उधर सिविल कोर्ट बलिया के अधिवक्ताओं ने आनन्द कुमार सिंह के नेतृत्व में दर्जनों की तादात में काले कानून यूजीसी के विरोध में जुलूस निकाल कर कलेक्ट्रेट परिसर होते हुए थाना कोतवाली पहुँचे। इसके बाद पुनः कलेक्ट्रेट जाकर विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) द्वारा 13.01.26 को अधिसूचित प्रमोशन आफ इक्विटी इन हायर एड्यूकेशन कानून को वापस लिये जाने को लेकर मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा। चेताया कि यूजीसी काला कानून वापस नहीं हुआ तो छात्र और अधिवक्ता का आंदोलन और उग्र हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *