
महिला के अंतिम संस्कार को लेकर मायके व ससुराल पक्ष में विवाद
दहेज के लिए प्रताड़ित व अंतिम संस्कार न करने का ससुरालीजनों पर लगाया आरोप
बलिया। खबर यूपी के शहर कोतवाली बलिया अंतर्गत सतनी सराय चौकी का है, जहां एक महिला के शव के अंतिम संस्कार को लेकर ससुराल और मायके पक्ष के बीच विवाद खड़ा हो गया। मायके पक्ष वालों ने ससुराल पक्ष पर विवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित करने और शव का अंतिम संस्कार न करने का आरोप लगाया है। मामला दोनों पक्ष के बीच अभी गंभीर बना हुआ है और चौकी तक पहुंच गया। जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।विवाहिता पक्ष परिजनों ने तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।




मृतका के भाई अभिषेक गुप्ता की माने तो वर्ष 2024 में मेरी बहन की शादी शहर कोतवाली के सतनी सराय में हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वालों द्वारा मेरी बहन को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। जिसके कारण मेरी बहन मानसिक रूप से बीमार हो गई और पिछले पांच माह से मायके में रह रही थी। लेकिन ससुराल वाले इलाज नहीं करवा रहे थे। जिसके कारण मजबूरी में मोहल्ले के लोगों से चंदा लेकर बहन का इलाज करवा रहा था। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण पूर्ण इलाज संभव नहीं हो पाया और ससुराल पक्ष से कोई मदद नहीं मिला। 27 दिसंबर 2025 को वाराणसी में मेरी बहन की मौत हो गई। जब शव लेकर ससुराल पहुंचे तो ससुराल वालों ने शव लेने से इनकार कर दिया। जिसकी स्थानीय सतनी सराय चौकी पर शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नही हो रही है। यही नहीं घंटों शव ससुराल पक्ष के दरवाजे पर लेकर पड़ा रहा। मृतका की माँ ने ससुराल पक्ष के विरूद्ध कोतवाली में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। फिलहाल बहरहाल महिला के अंतिम संस्कार को लेकर विवाद बना हुआ है। कौन अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी लेगा यह अभी साफ नहीं हुआ है। पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।