
आयुष यादव हत्याकांड में सपाइयों ने तहसील पर किया प्रदर्शन
राज्यपाल को पाती भेज आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की
आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन की दी चेतावनी

बलिया। बेल्थरारोड बंशी पैलेस के निकट 13 दिसंबर 2025 की देर शाम आयुष यादव (25) पुत्र बच्चा यादव को गोली मार कर हत्या कर किए जाने के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को तहसील कार्यालय पर धरना दिया। इस दौरान वक्ताओं ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था के बिगड़े हालात पर चिंता जताते हुए कहा कि यदि क्षेत्र में बढ़ते आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के साथ ही अपराधियों को संरक्षण देने वाले लोगों को बेनकाब करते हुए प्रभावी कार्यवाही नहीं की गई तो व्यापक रूप से जन सहयोग से निर्णायक संघर्ष का शंखनाद किया जाएगा।

वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है ।आए दिन अपराधी गलत कार्यों को अंजाम दे रहे हैं, लेकिन पुलिस के स्तर से अभी तक शुरुआती दौर में अपराधियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई नहीं किए जाने से इनके हौसले बुलंद हैं और पुलिसिया शिथिलता के चलते आरोपियों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। धरना प्रदर्शन के बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी को सौंपा गया। ज्ञापन में उल्लेख है की हौसला बुलंद बदमाशों ने घर से बाहर बुलाकर आयुष को गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। हत्या के तीन दिन बाद भी अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे जनमानस में भारी आक्रोश व्याप्त है। वहीं परिवार के लोग भयभीत व दहशत में है।इसके पूर्व अपराधियों ने 15 दिन पहले एक दलित युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह जीवन मौत के बीच जूझ रहा है। अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी और परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए। इसके अलाव परिवार को शासन से आर्थिक मुआवजा दिलाया जाए। नगर में नगरवासियों की सुरक्षा करते हुए भय मुक्त वातावरण स्थापित करने के साथ ही इस पूरे मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलकर जल्द से जल्द सजा दिलाई जाए। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष आद्याशंकर यादव,पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनय प्रकाश अंचल, रामजी गुप्ता, गीता देवी, अनिल पासवान, राजेश्वर पासवान, रुद्र प्रताप यादव, बब्बन यादव,अंगद यादव ,कमलेश चौहान, डॉक्टर संतोष राम, जनार्दन यादव, बीरबल राम, राजन कनौजिया, आफताब आदि मौजूद रहे।