
अब ई-रिक्शा नम्बर व कलर से रूटवार होंगे संचालित
पहले यातायात पुलिस द्वारा ई-रिक्शा पर किया गया था नंबर अंकित
अब ई-रिक्शा चालकों को रूटवार कराना होगा नंबर व कलर
जिला अस्पताल के अंदर व बाहर नहीं खड़े होंगे ई-रिक्शा
बलिया। नगर में लगातार लग रहे जाम से निजात दिलाने के लिए यातायात पुलिस ने एक बार फिर जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में ई-रिक्शा का रूट निर्धारण किया है। यह निर्णय नगर मजिस्ट्रेट बलिया, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी बलिया, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद बलिया, क्षेत्राधिकारी यातायात बलिया तथा ई-रिक्शा यूनियन के संचालक के अध्यक्ष एवं रूटवार उपाध्यक्ष के साथ हुई सड़क सुरक्षा बैठक के बाद लिया गया है।
इस दौरान शहर में संचालित ई-रिक्शा संचालन के लिए पांच रूट का निर्धारण किया गया है। ई-रिक्शों के आगे तथा पीछे निर्धारित रूट से सम्बन्धित चिह्न, क्रम संख्या तथा रंग अंकित कराने के लिए निर्देशित किया गया। समस्त ई-रिक्शा चालक अपने निर्धारित रूट पर ही ई-रिक्शा का संचालन करेंगे। रूट से हटकर केवल इमरजेन्सी सेवा में ही ई-रिक्शा दूसरे रूट से जायेंगे। किसी भी रूट में 500 से अधिक ई-रिक्शा नहीं होंगे। जिला अस्पताल रोड पर अस्पताल के अन्दर एवं अस्पताल के मेनगेट पर ई-रिक्शा खड़ा नहीं होगा।नाबालिकों द्वारा किसी भी हाल में ई-रिक्शा का संचालन नहीं होगा। पकड़े जाने पर ई-रिक्शा संचालक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ई-रिक्शा के दाहिने तरफ राड लगवायेंगे, जिससे सवारी दाहिनी तरफ न उतर सके।
इस प्रकार रूटवार संचालित होंगे ई-रिक्शा…।
रूट नं0- 01 बहदुरपुर से सेन्ट्रल तिराहा – लाल रंग।
रूट नं0-02 माल्देपुर से सेन्ट्रल तिराहा – नीला रंग।
रूट नं0-03 कदम चौराहा से रेलवे स्टेशन – नारंगी रंग।
रूट नं0-04 तिखमपुर मण्डी से महुआ मोड़ – हरा रंग
रूट नं0-05 रोडवेज बस स्टैण्ड से मिढ्ढा – पीला रंग










