
एसडीएम के जांच में 92 स्वास्थ्यकर्मी में 50 मिले अनुपस्थित
तीन अस्पतालों को एसडीएम ने किया औचक निरीक्षण
बलिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर बुधवार को उप जिलाधिकारी सिकंदरपुर रवि कुमार ने बुधवार को तहसील क्षेत्र के तीन अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया। जिसमें चार दर्जन से अधिक कर्मियों को अनुपस्थित पाया। इस पर कड़ी नाराजगी जाहिर की और चिकित्सा अधीक्षक से उचित कार्रवाई करने को कहा। इस दौरान इन हॉस्पिटलों पर तैनात कुल 92 स्वाथ्यकर्मियो में से 50 अनुपस्थित मिले थे।
आपको बता दे कि बुधवार की सुबह करीब 8:20 पर सीएचसी सिकंदरपुर पहुंचे एसडीएम को 41 चिकित्सकों व कर्मचारियों के सापेक्ष 30 स्वाथ्यकर्मी अनुपस्थित मिले। जिसमें चिकित्सक से लेकर चौकीदार तक शामिल रहे। वहीं सुबह नौ बजे के आस पास एसडीएम सीएचसी खेजुरी पहुंचे तो वहां की स्थिति भी ऐसी ही मिली। स्टॉफ रजिस्टर के अवलोकन के दौरान एसडीएम ने कुल तैनात 27 स्टॉफ में से 17 कर्मियों को अनुपस्थित पाया। इस दौरान सीएचसी खेजुरी पर अधीक्षक डॉ रत्नेश कुमार के अलावा चीफ फर्मासिस्ट राधेश्याम राय, फर्मासिस्ट शशिकांत व यशराज सिंह, स्टॉफ नर्स नीलम यादव, एनएमए राजेश राय के अलावा चौकीदार, स्वीपर और कुक ही मौके पर मौजूद मिले। जबकि मेडिकल ऑफिसर, एसटीएस और एलटी तक अनुपस्थित पाए गए। उधर करीब 9:50 पर पीएचसी बघुड़ी के निरीक्षण में भी तीन कर्मचारी अनुपस्थित रहे। इस संबंध में एसडीएम रवि कुमार ने बताया कि निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले चिकित्सकों और कर्मचारियों की पूरी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है, ताकि उचित कार्रवाई की जा सके।













