जेएनसीयू कुलपति ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, पकड़े गए मुन्ना भाई

Spread the love

जेएनसीयू कुलपति ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, पकड़े गए मुन्ना भाई

बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय की विषम सेमेस्टर 2026-27 की परीक्षाओं में नकल पर अंकुश लगाने और परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन सक्रिय है। गुरुवार को कुलपति प्रो. नरेंद्र कुमार शुक्ल ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और केंद्राध्यक्षों को आवश्यक निर्देश दिए। वहीं, विश्वविद्यालय के उड़ाका दल ने अमरनाथ मिश्र पीजी कॉलेज, दुबे छपरा में एक परीक्षार्थी को नकल करते पकड़ा।


कुलपति ने केपी मेमोरियल महाविद्यालय, सुहवां (रतसर), किसान पीजी कॉलेज, रकसा (रतसर), श्री बजरंग पीजी कॉलेज, दादर आश्रम (सिकंदरपुर) और श्री गौरीशंकर राय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, करनई का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों में व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।परीक्षा के दौरान विश्वविद्यालय की उड़ाका दल की पहली टीम ने अमरनाथ मिश्र पीजी कॉलेज, दुबे छपरा में एक परीक्षार्थी को नकल करते पकड़ा। टीम की प्रभारी डॉ. रजनी चौबे के साथ डॉ. बृजकिशोर, प्रिंस पाण्डेय और डॉ. अभिषेक मिश्र शामिल रहे। इसके अलावा दूसरी उड़ाका दल टीम भी विभिन्न केंद्रों पर निगरानी कर रही है। इस टीम की प्रभारी डॉ. मनोज कुमार हैं, जबकि डॉ. कृष्ण कुमार साहू, सतीश जायसवाल और डॉ. स्मिता सदस्य हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने नकल करते पकड़े जाने वाले परीक्षार्थियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही है। विश्वविद्यालय परिसर में परीक्षा तीन पालियों में आयोजित की गई। यहां केंद्राध्यक्ष डॉ. पुष्पा मिश्रा, सहायक केंद्राध्यक्ष डॉ. छबिलाल, डॉ. प्रमोद शंकर पाण्डेय, डॉ. दिलीप मद्धेशिया और डॉ. सरिता पाण्डेय के साथ डॉ. प्रियंका सिंह के नेतृत्व में प्राक्टोरियल बोर्ड के सदस्य आंतरिक उड़ाका दल के रूप में लगातार निगरानी करते रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *