दस गांवों में स्थापित होंगी बाबा साहेब की प्रतिमाएं, स्थलों का होगा कायाकल्प

Spread the love

दस गांवों में स्थापित होंगी बाबा साहेब की प्रतिमाएं, स्थलों का होगा कायाकल्प


दिघेड़ा में विधायक केतकी सिंह ने रखी विकास कार्यों की आधारशिला, परिसर में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं


बलिया। बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के दस गांवों में बाबा साहेब डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाएं स्थापित करने के साथ ही उनके स्थलों को सुविधायुक्त और आकर्षक बनाया जाएगा। डा. भीमराव आंबेडकर मूर्ति एवं स्थल विकास योजना के तहत गुरुवार को दिघेड़ा गांव में विधायक केतकी सिंह ने विधिवत पूजन-अर्चन के साथ योजना का शुभारंभ किया।


योजना के तहत दिघेड़ा, देवडीह, महाराजपुर, पिंडहरा और पांडेय अहिरौली समेत विधानसभा क्षेत्र के दस गांवों में प्रतिमा स्थापना और परिसर के विकास का कार्य कराया जाएगा। इन स्थलों को केवल प्रतिमा स्थापना तक सीमित न रखकर सार्वजनिक उपयोग के लिहाज से भी विकसित किया जाएगा। परिसर में मजबूत चबूतरा, सुरक्षा घेरा, इंटरलॉकिंग टाइल्स, पहुंच मार्ग, एलईडी व सोलर लाइट, बैठने के लिए बेंच और हरित पट्टी तैयार की जाएगी।

शुभारंभ के दौरान विधायक केतकी सिंह ने कहा कि बाबा साहेब डा. भीमराव आंबेडकर और संत रविदास महाराज ने समानता, सामाजिक न्याय और सशक्त समाज का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को दिशा देने का काम कर रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में उनके स्मृति स्थल विकसित होने से लोगों को महापुरुषों के विचारों और संविधान के मूल्यों से परिचित होने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और सभी दस गांवों में निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजना पूरी करने का निर्देश दिया। समारोह में गिरीश पाण्डेय, शारदानंद साहनी, गोपालजी सिंह, राजेश राजभर, ओमप्रकाश सिंह, राजेश सिंह, अजीत मिश्र आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *