आधी रात के बाद श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई डूबकी

Spread the love

आधी रात के बाद श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई डूबकी

शिवरामपुर गंगा घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब

बालेश्वर मंदिर व महर्षि भृगु मंदिर में श्रद्धालुओं ने टेका मत्था

*ददरी मेले में चाट, डोसा, चाउमीन, जलेबी का उठाया लुत्फ*

*बड़ी चरखी का लिया आनंद, सामानों की खरीदारी की, दुकानदारों के खिले चेहरे*

*श्रवण कुमार पांडेय*

बलिया। महर्षि भृगु की धरा पर मंगलवार को ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य स्नान सकुशल संपन्न हो गया। इस अवसर पर शहर समेत जिले के विभिन्न घाटों पर लाखों स्नानार्थियों ने पतित पावनी गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। इसके साथ ही दान-पुण्य कर मंगल कामना की। तत्पश्चात श्रद्धालुओं ने बाबा बालेश्वर नाथ तथा महर्षि भृगु और उनके शिष्य दर्दर मुनि की समाधि पर मत्था टेका और पूजा अर्चना की। इसके बाद ऐतिहासिक ददरी मेले में चाट, चाउमीन, डोसा जलेबी का लुत्फ उठाया। झूला, चरखी का आनंद लेने के बाद सामानों की खरीदारी की।

मंगलवार की भोर से शिवरामपुर गंगा घाट पर श्रद्धा के महासंगम का अद्भुत नजारा देखने को मिला।पौराणिक महत्व के शिवरामपुर गंगा संगम तट पर पहुंचे लोगों ने सोमवार की आधी रात बाद से ही गंगा नदी में डुबकी लगाना आरंभ कर दिया था। पतित पावनी में आस्था की डुबकी लगाई और दान पुण्य किया। श्रद्धालुओं ने स्नान ध्यान करने के बाद सूर्य देव को अर्घ्य दिया और गंगा घाट पर जरूरतमंदों को दान भी किया। मंगलवार को यह क्रम दिन भर जारी रहा। स्नान के पश्चात लौटने वाली की भीड़ से रेलवे स्टेशन व रोडवेज रात तक गुलजार रहे। एक साथ लोगों के पहुंचने से महर्षि भृगु की धरती बम-बम करती रही। कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए सोमवार की दोपहर बाद से ही श्रद्धालुजनों के आने का क्रम शुरू हो गया था। रात होते-होते संगम तट पर लाखों लोग इकट्ठा हो गए थे। अर्द्ध-रात्रि के बाद सभी ने गंगा पूजन कर स्नान का पुण्य लाभ लेना प्रारंभ कर दिया।जैसे-जैसे सूर्य की किरणें चटक होती गईं, स्नानार्थियों की भीड़ बढ़ती गई। महावीर घाट से संगम तट पर श्रद्धालुओं की भीड़ इतनी थी कि पूरे मार्ग में कहीं जगह नहीं दिख रही थी। एक तरफ से लोग गंगा तट पर चले जा रहे थे वहीं दूसरी ओर स्नान कर श्रद्धावान शहर की तरफ लौट रहे थे।

हुकुम छपरा गंगा घाट समेत क्षेत्र के मझौवां, पचरुखिया, गंगापुर, चौबे छपरा, सुघर छपरा, दूबे छपरा, गोपालपुर, दयाछपरा, शतिघाट भुसौला आदि गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान ध्यान किया। श्रद्धालुओं ने स्नान करने के पश्चात मन्दिरों में पूजन अर्चन कर मंगल कामना की। नेशनल हाईवे पर लोगों के द्वारा बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े कर देने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्ल छपरा से लेकर दया छपरा तक लगभग चार-पांच घंटे तक जाम लगा रहा। इसे लेकर पुलिस के पसीने छूटते नजर आए। उधर नरही थाना अंतर्गत उजियार गंगा तट, कोटवा नारायणपुर गंगा तट के नागा घाट, भरौली गंगा तट, गोविंदपुरा गंगा घाट, सोहांव गंगा तट, बड़का खेत पलिया खास गंगा तट पर श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई। बड़का खेत पलिया खास गांव में लगे मेले का लोगों ने खूब लुत्फ उठाया।

देव दीपावली के रूप में सजाए गए थे दीप

कार्तिक पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर सोमवार की शाम शिवरामपुर घाट पर दीपों को कार्तिक पूर्णिमा की शुभकामनाएं तथा देव दीपावली के रूप में सजाया गया। काशी से आए विद्वानों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गंगा पूजन कराया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक डा ईरज राजा, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद संत कुमार मिठाई लाल गुप्ता सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने गंगा पूजन किया। श्रद्धालुओं ने भी गंगा पूजन किया। काशी के विद्वानों द्वारा विधिवत भक्तिमय गीत के साथ मां गंगा की दिव्य महाआरती की गई।

सुरक्षा व ठहरने का रहा प्रबंध

जिला प्रशासन की ओर से कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व ठहरने के लिए बेहतर प्रबंध किया गया था। सेक्टरवार मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए पंडाल बनाए गए थे। शिवरामपुर घाट के दोनों किनारों पर राहत कैंप लगाया गया था। पुलिस के 4 कैंप तथा चिकित्सा विभाग के 2 कैंप थे।

सीसीटीवी से निगरानी, एनडीआरएफ व गोताखोर रहे अलर्ट

शिवरामपुर घाट पर 20 सीसीटीवी कैमरे से निगरानी रखी गई। एसडीआरएफ की टीमें व तमाम स्थानीय गोताखोर भी अलर्ट रहे। गंगा नदी में सुरक्षा के दृष्टिगत बैरिकेडिंग से श्रद्धालुओं ने बेफिक्र होकर पुण्य की डुबकी लगाई। शहर से लेकर घाट तक पूरे रास्ते प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था थी। 10 मोबाइल शौचालय तथा पेयजल के 10 टैंकर लगाए गए थे। दस गोताखोर, 20 नावें, 50 आपदा मित्र तैनात रहे।

जगह – जगह लगाए गए थे समितियों द्वारा स्टाल

कार्तिक पूर्णिमा स्नान के अवसर विभिन्न समितियों द्वारा नगर के विभिन्न मार्गो और स्नान जाने मार्ग पर चाय, पानी व खाने – पीने के साथ ही सुई – दवा की स्टाल लगाए गए थे। इसके अलावा जगह-जगह मंदिरों पर भजन कीर्तन श्रद्धालुओं द्वारा गाए जा रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *