
मुलायम सिंह यादव की जयंती पर 501 जरूरतमंद महिलाओं में वितरित की गई साड़ी
बलिया। मुख्यमंत्री स्व. मुलायम सिंह यादव की 87वीं जयंती पर रविवार को एक स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें नगर पंचायत सहतवार की पूर्व चेयरमैन स्व. स्वर्णप्रभा सिंह की पुण्यतिथि भी मनाई गई। लोगों ने दोनों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। नगर पंचायत सहतवार की चेयरमैन सरिता सिंह और नीरज सिंह गुड्डू ने 501 जरूरतमंद महिलाओं को साड़ी वितरित किया।




कार्यक्रम में सपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को केक खिलाकर मुलायम सिंह यादव अमर रहें के नारे लगाए। सपा महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मुलायम सिंह यादव सभी जाति और धर्म के लोगों का सम्मान करते थे। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, किसान, महिला सशक्तीकरण समेत विभिन्न क्षेत्रों में विकास के लिए काम किया। उन्होंने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से प्रदेश में चलाए जा रहे पीडीए कार्यक्रम को आम लोगों के हित में बताया। नीरज सिंह गुड्डू ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने सभी वर्गों का सम्मान करते हुए प्रदेश में विकास की लंबी श्रृंखला खड़ी की। उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। इस मौके पर श्याम बहादुर सिंह, चेयरमैन सरिता सिंह, सीमा राजभर, फागू यादव, संदीप सिंह सैंडी, फतीगन सिंह, हीरालाल वर्मा, रामदेव यादव, वीरेंद्र यादव, नरेंद्र यादव, भूपेंद्र यादव, ध्रुव सिंह आदि थे।