हत्या के प्रयास मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस अभिरक्षा में लिए गए दो बाल अपचारी

Spread the love

हत्या के प्रयास मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस अभिरक्षा में लिए गए दो बाल अपचारी

पुरानी रंजिश और जमीन विवाद में लाठी-डंडे व रॉड से किया था हमला, गंगा नदी में फेंक दिए थे वारदात में प्रयुक्त हथियार

बलिया। बैरिया थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश और जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया है।आरोपियों ने आठ नवंबर की शाम भृगुनाथ यादव और उनके परिवार पर जानलेवा हमला किया था। इस दौरान लाठी-डंडे और रॉड से मारपीट कर कई लोगों को गंभीर रूप से घायल करने के साथ ही दरवाजे पर खड़ी चार पहिया गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया था।

पुलिस के अनुसार, मामले में नौ नवंबर को पीड़ित पक्ष की तहरीर पर बैरिया थाने में 12 लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे से जुड़े चार आरोपी किसी अधिकारी को प्रार्थना पत्र देने के लिए बलिया मुख्यालय आए हैं। इस पर उपनिरीक्षक मुकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पुलिस क्लब तिराहे के पास घेराबंदी कर दो आरोपियों लल्लन यादव पुत्र स्व. गौरी यादव और रंजू देवी पत्नी अवधेश यादव, निवासी मिश्र के मठिया, थाना बैरिया को गिरफ्तार कर लिया। वहीं दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश और जमीन विवाद को लेकर आठ नवंबर की शाम करीब आठ बजे भृगुनाथ यादव और उनके परिवार पर हमला करने की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए मुख्यालय पर किसी बड़े अधिकारी के समक्ष पेश होने जा रहे थे। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी के लिए आरोपियों की निशानदेही पर मांझी पुल पर गंगा नदी तक पहुंचकर तलाश की। इस दौरान आरोपियों ने पुल के बीच से हथियारों को नदी में फेंकने की बात बताई। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों और बाल अपचारियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *