
सरयू के कटान से महाराजपुर गांव को बचाने की कवायद तेज, जियो बैग से बनेगा सुरक्षा घेरा
कटान स्थल पर पहुंची विधायक केतकी, काम में तेजी लाने के लिए अतिरिक्त मशीनें लगाने का दिया निर्देश




बलिया। सरयू नदी के लगातार हो रहे कटान से महाराजपुर गांव को बचाने के लिए बाढ़ विभाग ने बचाव कार्य तेज कर दिया है। गांव के अस्तित्व पर मंडरा रहे खतरे को देखते हुए जियो बैग विधि से कटान रोकने की कवायद शुरू की गई है।विधायक केतकी सिंह ने कटान प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर मौके पर चल रहे कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को बचाव कार्य में तेजी लाने और जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त मशीनें लगाने का निर्देश दिया।




बाढ़ विभाग की ओर से महाराजपुर गांव के सामने कटान स्थल से कुछ दूरी पर जेसीबी मशीन के जरिए करीब पांच फीट गहरी और चौड़ी खुदाई कराई जा रही है। इसके बाद वहां जियो बैग लगाए जा रहे हैं। बैग में बालू भरने के लिए सरयू नदी के पानी में विशेष मशीन लगाई गई है, जिसके माध्यम से नदी से बालू निकालकर बैग भरे जा रहे हैं। तैयार बैगों को निर्धारित स्थान पर लगाकर नदी की धारा के दबाव को कम करने और कटान पर अंकुश लगाने की योजना है।सरयू नदी के कटान से महाराजपुर गांव के अस्तित्व पर संकट बना हुआ है।ग्रामीण लंबे समय से गांव को बचाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं। ऐसे में जियो बैग विधि से शुरू हुए बचाव कार्य से ग्रामीणों को राहत की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों का मानना है कि यदि समय रहते प्रभावी ढंग से जियो बैग लगाए गए तो नदी के कटान की गति को रोकने में मदद मिल सकती है।निरीक्षण के दौरान विधायक केतकी सिंह ने अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली।उन्होंने कहा कि महाराजपुर गांव को सरयू नदी के कटान से बचाना उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बचाव कार्य में तेजी लाने के लिए बालू भरने वाली एक अतिरिक्त मशीन और जेसीबी भी लगाई जाएगी, ताकि काम को जल्द पूरा किया जा सके। विधायक ने भरोसा दिलाया कि गांव को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।