
JNCU की 40 केंद्रों पर होगी परीक्षा, करीब 80 हजार परीक्षार्थी होंगे शामिल
जेएनसीयू में विषय सेमेस्टर परीक्षा की तैयारियां तेज, समर्थ टीम ने की ऑनलाइन बैठक



बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय (जेएनसीयू) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की विषम सेमेस्टर परीक्षाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रथम, तृतीय, पंचम और सप्तम सेमेस्टर की परीक्षाओं को सुचारु, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इस बार विश्वविद्यालय परिसर सहित कुल 40 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 80 हजार परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इसी क्रम में समर्थ टीम की ओर से विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी परीक्षा केंद्रों के नोडल अधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई।



जिसमें डॉ. नीलमणि त्रिपाठी और रवि प्रकाश मिश्रा ने परीक्षा संचालन से जुड़ी तकनीकी एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही परीक्षा के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं और उनके समाधान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरेंद्र कुमार शुक्ल और कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक एसएल पाल की निगरानी में परीक्षा की तैयारियां की जा रही हैं।कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक ने सभी संबंधित अधिकारियों को परीक्षा से जुड़ी प्रक्रियाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने तकनीकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, ताकि परीक्षा के दौरान किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो।