सरदार पटेल की जयंती पर लगी छायाचित्र व अभिलेख प्रदर्शनी, प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

Spread the love

सरदार पटेल की जयंती पर लगी छायाचित्र व अभिलेख प्रदर्शनी, प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

बलिया। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को बनरही स्थित राम प्रवेश सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज में छायाचित्र एवं अभिलेख प्रदर्शनी के साथ विभिन्न शैक्षिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय पुरातत्व इकाई वाराणसी, क्षेत्रीय अभिलेखागार वाराणसी और विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सरदार पटेल के जीवन, व्यक्तित्व और ऐतिहासिक धरोहरों से परिचित कराया गया। इसके पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

मुख्य अतिथि भाजपा के जिला उपाध्यक्ष संतोष कुमार पांडेय और विशिष्ट अतिथि डीएस मेमोरियल इंटर कॉलेज रसड़ा के प्रबंधक डॉ. प्रवीण कुमार सिंह ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में लगाए गए छायाचित्रों और ऐतिहासिक अभिलेखों के माध्यम से विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण ऐतिहासिक जानकारियां दी गई। क्षेत्रीय पुरातत्व इकाई के फोटोग्राफर राजीव रंजन ने प्रदर्शित छायाचित्रों और अभिलेखों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस दौरान डॉ. राम नरेश पाल, क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी वाराणसी ने अतिथियों को स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय पुरातत्व इकाई से राजीव रंजन, प्रिंस सेठ और मिथुन तथा क्षेत्रीय अभिलेखागार से प्रदीप कुमार एवं सच्चिदानंद सहित विद्यालय के करीब 300 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।

चित्रकला में गोपाल व निबंध में अंकित रहे अव्वल

कार्यक्रम के तहत आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में कक्षा 12 के गोपाल राजभर ने प्रथम, आशुतोष कुमार ने द्वितीय तथा वंदना यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं निबंध प्रतियोगिता में कक्षा 12 के अंकित शाह प्रथम, कक्षा नौ की ज्योत्सना वर्मा द्वितीय और कक्षा 11 के प्रियांशु यादव तृतीय स्थान पर रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *