
जानलेवा हमले के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, मारपीट में इस्तेमाल लाठी-डंडे बरामद
बलिया। सहतवार थाना क्षेत्र के कुशहर गांव में मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को शनिवार की सुबह मुखबिर की सूचना पर जीन बाबा मंदिर परिसर के पास से सुबह गिरफ्तार कर लिया। वही उनके निशानदेही पर मारपीट में इस्तेमाल तीन लाठी-डंडे बरामद किया। इसके बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया।



पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपना नाम व पता क्रमशः राजेश वर्मा पुत्र जवाहिर वर्मा, मुन्ना वर्मा पुत्र सुरेश वर्मा और अरविन्द वर्मा पुत्र सुरेश वर्मा निवासी कुशहर, थाना सहतवार, जनपद बलिया बताया। पीड़ित ने सहतवार थाने में 30 अक्टूबर को थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसके घर के पास त्रिपाल से बनी झोपड़ी में उसके बड़े भाई की भैंस बंधी थी। इसी दौरान गांव के राजेश वर्मा, अरविन्द वर्मा, मुन्ना वर्मा, मनोज वर्मा और कुछ महिलाएं वहां पहुंचकर झोपड़ी में तोड़फोड़ करने लगी। इसका विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।



आरोप है कि इसके बाद सभी एकजुट होकर वादी और उसके परिवार के सदस्यों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें परिवार के कई लोग घायल हो गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।